Chhath Puja 2026 : छठ पूजा के बाद दउरा घर लाते समय न करें ये गलतियां, जानें क्या हैं जरूरी नियम

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 02:49 PM (IST)

Chhath Puja 2026 :  हिंदू धर्म में छठ पूजा का बहुत खास महत्व है। लोक आस्था का महापर्व छठ अपनी कठिन साधना, पवित्रता और अनुशासन के लिए जाना जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन उदीयमान यानी उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है। लेकिन छठ व्रत की मर्यादा केवल घाट पर  अर्घ्य देने तक ही सीमित नहीं रहती, बल्कि घाट से पूजा का सामान और दउरा वापस घर लाने के भी खास नियम होते हैं। माना जाता है कि दउरा घर लाते समय की गई छोटी सी चूक भी व्रत के पुण्य को कम कर सकती है। तो आइए जानते हैं कि उषा अर्घ्य के बाद दउरा घर लाते समय किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

Chhath Puja 2026

सिर पर रखकर ही घर लाएं दउरा
जिस प्रकार छठ घाट जाते समय घर के पुरुष सदस्य पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ दउरा अपने सिर पर रखकर ले जाते हैं, ठीक उसी तरह अर्घ्य देने के बाद दउरा सिर पर रखकर ही घर वापस लाना चाहिए। दउरा को कभी भी हाथ में लटकाकर, कंधे पर रखकर या घसीटकर नहीं लाना चाहिए। इसे छठी मइया और सूर्य देव के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है।

रास्ते में दउरा जमीन पर न रखें
घाट से घर लौटते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि दउरा कहीं भी सीधे जमीन पर न रखा जाए। अगर रास्ते में थकान महसूस हो या किसी कारणवश रुकना पड़े, तो किसी दूसरे व्यक्ति के हाथों में दउरा दे दें या किसी ऊंचे और साफ स्थान पर रखें। जमीन पर रखने से पूजा सामग्री की पवित्रता भंग मानी जाती है।

Chhath Puja 2026

शुद्धता और स्वच्छता का रखें पूरा ध्यान
जो भी व्यक्ति दउरा सिर पर उठाकर घर ला रहा है, उसके हाथ और पैर साफ होने चाहिए। साथ ही, रास्ते में चलते समय जूते-चप्पल पहनने से बचना चाहिए। रास्ते में किसी भी अपवित्र वस्तु को छूने से बचें।

घर पहुंचते ही सीधे पूजा स्थान पर रखें
घाट से दउरा घर लाने के बाद इसे इधर-उधर या बैठक में रखने के बजाय सीधे घर के पूजा घर या उस स्थान पर रखें, जहां छठी मइया की पूजा की गई थी। घर के मुख्य द्वार पर पहुंचने पर घर की महिलाएं दउरा का स्वागत करती हैं और इसके बाद ही आगे की पारण की विधि शुरू होती है।

प्रसाद का वितरण और पारण का नियम
घर में दउरा रखने के बाद सबसे पहले व्रती महिलाएं पूजा स्थान पर प्रणाम करती हैं और फिर अदरक, गुड़ या ठेकुआ खाकर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलती हैं । ध्यान रखें कि पारण से पहले दउरा से प्रसाद निकालकर जूठा न करें। पारण के बाद ही परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों में छठ का महाप्रसाद बांटना शुभ माना जाता है।

Chhath Puja 2026

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News