चारधाम यात्रा 2026 का शंखनाद: कृतिका नक्षत्र और आयुष्मान योग के महामिलन में खुले कपाट, जानें श्रद्धालुओं के लिए क्यों है यह 'अमृत काल'!

punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 10:27 AM (IST)

Chardham Yatra 2026: उत्तराखंड की पावन वादियों में एक बार फिर भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। साल 2026 की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ 19 अप्रैल से हो गया है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं, लेकिन इस बार की यात्रा सामान्य वर्षों से कहीं अधिक फलदायी और खास मानी जा रही है। चार धाम यात्रा सालाना लगभग छह महीने चलती है और लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ़ भी मानी जाती है।

char dham yatra

दुर्लभ ज्योतिषीय संयोग में हुआ आगाज ज्योतिषविदों के अनुसार, इस बार कपाट उद्घाटन के समय कृतिका नक्षत्र और आयुष्मान योग का एक ऐसा दुर्लभ संयोग बना है, जिसे अध्यात्म की दुनिया में अत्यंत ऊर्जावान माना जाता है। अक्षय तृतीया को वैसे भी 'अबूझ मुहूर्त' माना जाता है, जिसमें किए गए पुण्य कभी समाप्त नहीं होते, लेकिन इस बार नक्षत्रों की स्थिति ने इसे और भी प्रभावशाली बना दिया है।

नकारात्मकता का नाश करेगा कृतिका नक्षत्र वैदिक ज्योतिष के अनुसार, कृतिका नक्षत्र का स्वामी सूर्य है और यह अग्नि तत्व से संबंधित है। इसका अर्थ है काटने वाला अर्थात वह शक्ति जो भक्त के जीवन से नकारात्मकता, पाप और अज्ञानता का संहार कर देती है। इस नक्षत्र में यात्रा शुरू करने का अर्थ है जीवन में नई ऊर्जा और शुद्धता का संचार होना।

स्वस्थ जीवन का वरदान है आयुष्मान योग यात्रा के शुभारंभ पर बना आयुष्मान योग भक्तों को दीर्घायु और निरोगी जीवन का आशीर्वाद प्रदान करने वाला माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस योग में की गई पूजा-अर्चना और तीर्थ यात्रा लंबे समय तक सुख, समृद्धि और मानसिक शांति प्रदान करती है।

Char Dham Yatra

क्यों है इस बार की यात्रा सबसे खास?
इस साल अक्षय तृतीया, कृतिका नक्षत्र और आयुष्मान योग का एक साथ मिलना भक्तों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा लेकर आया है। जानकारों का मानना है कि इस दिव्य संयोग के दौरान की गई तीर्थ यात्रा, दान और तप का फल कई गुना अधिक प्राप्त होगा। प्रशासन ने भी इस बार भारी भीड़ की उम्मीद जताते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

क्या है चारधाम यात्रा
वर्तमान में हो रहे प्रचार के अनुसार उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा को चार धाम यात्रा का नाम दिया जा रहा है लेकिन इन चारों की यात्रा करना एक धाम की यात्रा करने के समान है। उत्तर भारत में इसे छोटे चार धाम की यात्रा के नाम से जाना जाता है। बद्रीनाथ में बहुत से श्रद्धालु दर्शनों के लिए जाते हैं और साथ ही केदारनाथ (शिव ज्योतिर्लिंग), यमुनोत्री (यमुना का उद्गम स्थल) एवं गंगोत्री (गंगा का उद्गम स्थल) की यात्रा करके मान लेते हैं की उनकी चार धाम यात्रा पूर्ण हुई। 

भारत की चारों दिशाओं में जो प्रभाावशाली मंदिर आते हैं उनकी यात्रा को चारधाम यात्रा कहा जाता है। ये मंदिर हैं जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, द्वारका और बद्रीनाथ। हिंदू धर्म में इनका बहुत महत्व माना जाता है। कहते हैं पृथ्वी और स्वर्ग का एकाकार यहीं पर होता है। प्रत्येक हिंदू का सपना होता है की वो अपने जीवनकाल में चारधाम की यात्रा जरूर करे क्योंकि शास्त्र कहते हैं जो हिंदू इस यात्रा को करता है उसके पापों का नाश होता है और उसके लिए स्वर्ग के द्वार खुल जाते हैं।

Char Dham Yatra 2026

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News