Budget 2026 : 9 शुभ योगों में आएगा बजट 2026, जनता के लिए खुशखबरी या चिंता की खबर ?
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 11:32 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Budget 2026 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026, रविवार को लगातार नौवीं बार देश का आम बजट प्रस्तुत करेंगी। इस बार का बजट सिर्फ आंकड़ों और नीतियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी इसे खास माना जा रहा है। ज्योतिष के अनुसार, जिस दिन बजट पेश होगा, उस दिन बनने वाले ग्रह-योग इस ओर इशारा कर रहे हैं कि सरकार आम लोगों को कुछ राहत देने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, साथ ही यह भी संकेत मिल रहे हैं कि सरकार खर्च के मामले में संतुलन बनाए रखेगी और पूरी तरह से वित्तीय ढील देने से परहेज कर सकती है। यानी इस बार का बजट राहत और सावधानी के बीच संतुलन बनाकर पेश किया जा सकता है।
माघ पूर्णिमा का संयोग
1 फरवरी 2026 को माघ पूर्णिमा है, जिसे बेहद शुभ तिथि माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार पूर्णिमा बड़े और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए श्रेष्ठ मानी जाती है। यह तिथि मां लक्ष्मी से जुड़ी होती है, इसलिए इस दिन पेश होने वाला बजट आर्थिक स्थिरता और विकास को बढ़ावा दे सकता है।
रवि पुष्य नक्षत्र
बजट के समय पुष्य नक्षत्र रहेगा, जिसे नक्षत्रों का राजा कहा जाता है। यह समृद्धि और पोषण देने वाला माना जाता है। इस नक्षत्र में किए गए कार्य लंबे समय तक लाभ प्रदान करते हैं, इसलिए बजट के लिए यह बेहद शुभ संकेत माना जा रहा है।
चतुर्ग्रही योग
इस दिन मकर राशि में मंगल, शुक्र, बुध और सूर्य की स्थिति से चतुर्ग्रही योग बनेगा। ज्योतिषियों का मानना है कि यह योग करियर और धन से जुड़े मामलों में बड़े सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
आयुष्मान योग
आयुष्मान योग में शुरू किए गए कार्य लंबे समय तक शुभ फल देते हैं और सफलता की संभावना बढ़ जाती है। इसे भाग्य को मजबूत करने वाला योग माना जाता है।
सर्वार्थ सिद्धि योग
1 फरवरी को सुबह 7:09 बजे से रात 11:58 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। इस योग में शुरू किया गया नया कार्य, जैसे व्यापार, निवेश या खरीदारी, सफल होने की संभावना रखता है।
शुक्रादित्य योग
शुक्र और सूर्य की युति से बनने वाला यह योग व्यापार और कारोबार से जुड़े लोगों के लिए शुभ माना जाता है। इससे व्यापार में लाभ और उन्नति के संकेत मिलते हैं।
बुधादित्य योग
जब बुध और सूर्य एक साथ होते हैं, तो बुधादित्य योग बनता है। यह योग व्यापार और आर्थिक मामलों में सफलता दिलाने वाला माना जाता है, जिससे कारोबारियों को फायदा हो सकता है।
लक्ष्मी नारायण राजयोग
बुध और शुक्र की युति से बनने वाला यह दुर्लभ राजयोग धन, समृद्धि और वैभव से जुड़ा होता है। इस दिन दोनों ग्रह मकर राशि में रहेंगे, जिससे आर्थिक मजबूती के संकेत मिलते हैं।
आदित्य मंगल राजयोग
सूर्य और मंगल की युति से बनने वाला यह योग सेना, पुलिस, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में सफलता का संकेत देता है। बजट वाले दिन यह योग भी बन रहा है।
कुल मिलाकर, ज्योतिषीय दृष्टि से 1 फरवरी 2026 का दिन बेहद शुभ माना जा रहा है। इन कई विशेष योगों के कारण माना जा रहा है कि आने वाला बजट देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता दोनों के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आ सकता है।
कैसा होगा बजट ?
आम जनता के लिए बजट 2026 कैसा रहेगा, इसे लेकर ज्योतिषीय संकेत कुछ खास बातें सामने रखते हैं। माना जा रहा है कि सरकार लोगों को संतुष्ट करने के लिए कुछ राहत भरे कदम उठा सकती है, लेकिन खर्च को लेकर पूरी छूट देने से बचने की रणनीति अपनाएगी। मध्यम वर्ग को सीमित स्तर पर राहत मिल सकती है, जबकि गरीब वर्ग और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। कुल मिलाकर, बजट में संतुलन बनाए रखने की कोशिश नजर आएगी, जिसमें एक ओर जनता को राहत दी जाएगी और दूसरी ओर वित्तीय अनुशासन भी कायम रखा जाएगा।
