Famous Place: नीले पहाड़ों में बसा ‘एशियन शहर’

punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 04:01 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
‘चाहे कोई मुझे जंगली कहे, कहने दो जी कहता रहे’, पहली बार चित्रहार में शम्मी कपूर को कश्मीर की बर्फ भरी वादियों में झूमते, गाते, मस्ती में लुढ़कते देखा और बर्फ से ढंके पहाड़ों का जादू सिर चढ़ गया और मन कहता क्या सचमुच प्रकृति की गोद में मन जंगली बन झूमने लगता है? ‘यह हरियाली और यह रास्ता’, ‘ये हसीन वादियां’, ‘तू मेरे सामने’, ‘जरा-सा झूम लूं मैं’ बॉलीवुड की फिल्मों को देखते ही बड़े होते गए  तो बर्फ से एकतरफा प्यार, एक खिंचाव हो गया।

सन् 2000 में अमरीका के वर्जीनिया से अपना घर बदल कर नॉर्थ कैरोलीना के शहर शार्लोट में आना हुआ। इस मैट्रो शहर की खूबसूरती इसकी लोकेशन में है। यहां से समुद्र 3 घंटे दूर और पहाड़ 2 घंटे की दूरी पर हैं। जब पास के शहर ‘एशवील’ और आस-पास के पहाड़ों के बारे में सुना तो मन का शम्मी कपूर ‘जंगली’ बन बल्ले-बल्ले करने लगा। यहां से शुरू हुआ एक रूमानी यायावर सफर।

पहाड़ों की गोद में बसा एशवील शहर
ब्लू रिज माऊंटेंस पर 2000 फुट से अधिक की ऊंचाई पर बसा एशवील शहर पहाड़ों की गोद में बसा एक बहुत सुंदर शहर है। शहर के आंगन में जंगल है या जंगल के आंगन में शहर है, शहर को देख कर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

पिसगाह नैशनल फारैस्ट में बसा यह शहर कभी चैरोकी कबीले (अमरीका के मूल लोग) के एरिया का हिस्सा था। फिर यूरोपियन लोग अमरीका आए और अमरीका की क्रांति के बाद कर्नल डैविडसन और उसके परिवार को ब्लू रिज माऊंटेन्स की घाटी ‘स्वानानोआ’ में बहुत सारी जमीन दी गई और इस तरह भविष्य के एशवील शहर की नींव पड़ी।

सन् 1880 में रेल ट्रैक बन जाने के बाद यहां की आबादी 10,000 हो गई। पहाड़ों पर बसा होने की वजह से पहाड़ों पर छुटियां बिताने और स्वास्थ्य लाभ के लिए लोगों का आना बढ़ने लगा।

खूबसूरत महलनुमा घर ‘बिल्टमोर स्टेट’
सन् 1800 से एशवील की ख्याति खोजकर्ता और कलाकारों में बढऩे लगी थी जो आज तक कायम है। इसके इतिहास में सबसे प्रसिद्ध पलायन रहा ‘जार्ज वेंडरबिल्ट’ का। उन्होंने 1,20,000 एकड़ जमीन खरीद कर सन् 1895 में अमरीका के सबसे विशाल 250 कमरों वाले खूबसूरत महलनुमा प्राइवेट घर ‘बिल्टमोर स्टेट’ का निर्माण करवाया। जार्ज कला और प्रकृति प्रेमी थे। बिल्टमोर स्टेट के चारों ओर कई सुंदर बगीचे हैं। अमरीका लगभग 250 साल पुराना एक नया देश है। यहां भारत और यूरोप की तरह महल, किले नहीं हैं।

एशवील शहर की इमारतों का वास्तुशिल्प 18वीं सदी की यूरोपियन वास्तुकला जैसा है, इस वजह से शहर का डाऊनटाऊन यूरोप के किसी शहर जैसा लगता है और बीच बहती नदी इस शहर की खूबसूरती को अद्वितीय बना देती है।

शहर में कला और कलाकारों को समॢपत ‘आर्ट रिवर स्ट्रीट’, कई ‘आर्ट म्यूजियम’ और ‘आर्ट गैलरीज’ हैं।
 

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं । अपनी जन्म तिथि अपने नाम , जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर वाट्स ऐप करें
PunjabKesari

खूबसूरत हाईवे की सैर
एशवील के बीचों-बीच ब्लू रिज माऊंटेंस से ‘ब्लू रिज पार्कवे’ हाईवे जाता है। यह हाईवे नॉर्थ कैरोलीना की रीढ़ है। ब्लू रिज अमरीका के सबसे सुंदर दर्शनीय हाईवे में से एक है। 496 मील लम्बा पार्क वे ऊंचे पहाड़ों और सैंकड़ों मील फैले आठ जंगलों के बीच से दो राज्यों में से गुजरता है। इसे ‘पिकनिक हाईवे’ भी कहा जाता है।

इस पर ट्रक नहीं चलते, एग्जिट्स बहुत कम होते हैं। पहाड़ों के मध्य गुजरता यह हाईवे शहर के डाऊनटाऊन के अगले एग्जिट जैसे शहर के दिल से गुजरता है और यहां से स्वर्ग-सी खूबसूरत प्रकृति का द्वार खुल जाता है। विश्वास करना मुश्किल हो जाता है कि 20 मिनटों की ड्राइव में ऊंचाई में 3200 फुट का फर्क आ जाता है।

अत्यंत मनमोहक वातावरण में प्रकृति की नजरें मिलते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं, उल्लास में चीखें निकलती हैं और आप अपने नैसॢगक रूप में आ जाते हो।
झरनों के साथ कई बड़ी नदियां बहती हैं। जगह-जगह ‘विस्टा प्वाइंट्स’ हैं जहां रुक कर पार्किंग लॉट से या थोड़ी दूर हाइकिंग कर प्रकृति के खूबसूरत रूप का आनंद उठाया जाता है। इस हाईवे पर 6000 फुट या अधिक ऊंचाई के 125 पर्वत हैं जिनमें से 32 पर्वत शिखर नॉर्थ कैरोलीना में हैं जिनकी ऊंचाई 6000 फुट से अधिक है। पर्वतों को काटकर बीच में से लम्बी-लम्बी सूरंगें बनाई गई हैं और पार्कवे की 32 सुरंगें नॉर्थ कैरोलीना में हैं।

यहां की पर्वत शृंखलाएं नीले रंग की दिखती हैं, इसीलिए इन्हें ब्लू रिज माऊंटेंस पुकारा जाता है। बहते झरनों के शीतल जल में प्राकृतिक स्वीमिंग होल्स हैं।
प्रमुख झरने लिनविल वाटरफॉल, स्विमिंग होल स्लाइङ्क्षडग रॉक, प्रमुख झील फोन्टाना लेक, 411 फुट ऊंचा अपर व्हाइट वाटरफॉल।

इनमें लिनविल वाटरफॉल को इस क्षेत्र का नियाग्रा फॉल्स और लिनविल को यहां का ग्रैंड कैनियन पुकारा जाता है। लाखों साल पुरानी प्रमुख चट्टान लुकिंग ग्लास रॉक सफेद ग्रेनाइट की 3969 फुट ऊंची चट्टान है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह एक प्लुटोन रॉक है।

एशवील शहर से उत्तर-पूर्व में माऊंट मिशैल पर्वत है जिसकी ऊंचाई 6684 फुट है। यहां हाइकिंग ट्रेल्स पर चलते हुए लगता है कि आप बादलों के बीच हैं।
ग्रेट स्मोकी माऊंटेन्स के बीच है ग्रेट स्मोकी नैशनल पार्क। अमरीका में सबसे अधिक पर्यटक इसी नैशनल पार्क में आते हैं। ग्रेट स्मोकी माऊंटेंस के चेरोकी गांव में आज भी चेरोकी मूल के वंशजों ने उनके पूर्वजों की धरोहर और संस्कृति को संरक्षित रखा है। —रेखा भाटिया


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jyoti

Related News