Banke Bihari Mandir Phool Bangla : 29 मार्च से फूलों के महल में विराजेंगे बांके बिहारी, अधिक मास में मिलेगा 137 दिन दर्शन का सौभाग्य

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 08:54 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Banke Bihari Mandir Phool Bangla : वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में 29 मार्च से फूल बंगला सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस वर्ष अधिक मास होने के कारण भक्तों को ठाकुरजी के फूल बंगले के दर्शन सामान्य से एक माह अधिक समय तक मिलेंगे। मंदिर प्रबंधन ने इस सेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं।

गर्मियों के मौसम में ठाकुरजी को ठंडक देने के लिए सुगंधित फूलों से विशेष बंगले सजाए जाते हैं, जिसमें ठाकुरजी विराजमान होते हैं। यह मंदिर की प्राचीन सेवा परंपरा का हिस्सा है। इस बार श्रीबांकेबिहारी हाईपावर प्रबंध समिति ने फूल बंगला सेवा के शुल्क में बड़ा बदलाव किया है। पहले भक्त सेवायत के माध्यम से लगभग 15 हजार रुपये जमा कर फूल बंगला सजवाते थे, लेकिन अब यह शुल्क बढ़ाकर 1 लाख 51 हजार रुपये कर दिया गया है। यह राशि मंदिर कार्यालय में जमा करनी होगी और इसकी आधिकारिक रसीद भी दी जाएगी।

फूल बंगला सजाने के दौरान मंदिर के चौक क्षेत्र में लगी रेलिंग को अस्थायी रूप से हटाया जाएगा, लेकिन भक्तों को दर्शन रेलिंग के बीच से ही करने होंगे। नई व्यवस्था से संबंधित सूचना मंदिर के प्रवेश द्वारों पर भी लगा दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पहले से जानकारी मिल सके।

अधिक मास के कारण इस बार फूल बंगला सेवा की अवधि भी बढ़ गई है। 29 मार्च को कामदा एकादशी के दिन ग्रीष्म ऋतु का पहला फूल बंगला सजाया जाएगा। इसके बाद लगातार 137 दिनों तक ठाकुरजी फूल बंगले में विराजमान रहेंगे। इस सेवा का समापन 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के दिन होगा। सामान्य वर्षों में यह सेवा लगभग 108 दिनों तक ही होती है, लेकिन इस बार अधिक मास के कारण अवधि बढ़ाकर 137 दिन हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News