Banke Bihari Mandir : भीड़ से मिलेगी राहत, होली पर LED स्क्रीन से होंगे ठाकुरजी के सजीव दर्शन
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 10:29 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Banke Bihari Mandir : Shri Banke Bihari Temple में होली के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। योजना है कि मंदिर की तंग गलियों में लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को अब अधिक सुविधा मिल सके। इसके लिए लाइव स्ट्रीमिंग शुरू करने और होल्डिंग एरिया में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की तैयारी चल रही है ताकि श्रद्धालु वहीं से ठाकुरजी के दर्शन कर सकें।
जानकारी के अनुसार, काम पूरा होने के बाद एक समर्पित चैनल पर भी सजीव प्रसारण उपलब्ध कराया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति पहले ही मंदिर में लाइव दर्शन की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दे चुकी है। पहले भी प्रशासन ने ऐसा प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया था।
हाल ही में इस परियोजना की जिम्मेदारी एक कंपनी को सौंप दी गई है और उसने काम शुरू कर दिया है। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि तैयारियां जारी हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
मंदिर परिसर और आसपास बनाए जा रहे होल्डिंग बैरियर क्षेत्रों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से होली के अवसर पर दर्शन कर सकें।
