Banke Bihari Mandir : वृंदावन को मिलेगी नई पहचान, ₹25 करोड़ से बनेगा हाईटेक बांके बिहारी रोड
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 09:22 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Banke Bihari Mandir : रमणरेती तिराहा से श्रीबांकेबिहारी मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग जल्द ही आधुनिक “स्मार्ट रोड” के रूप में विकसित किया जाएगा। यह सड़क विद्यापीठ चौराहा तक बनेगी और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत इसका चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस परियोजना का काम जल्द शुरू होने की संभावना है, जिसे लोक निर्माण विभाग नगर निगम की निगरानी में पूरा करेगा।
बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को पहले से अधिक चौड़ा और आकर्षक बनाया जाएगा। सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाकर पर्याप्त जगह बनाई जाएगी। साथ ही पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ तैयार किए जाएंगे, जिन पर हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए जाएंगे।
योजना के अंतर्गत सड़क के किनारे लगे बिजली के खंभों को हटाकर तारों को भूमिगत किया जाएगा। पुराने ट्रांसफॉर्मरों की जगह आधुनिक और सुरक्षित कॉम्पैक्ट ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। मार्ग के बीच बने डिवाइडर पर सुंदर लाइट पोल लगाए जाएंगे, जिससे रात में रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सके।
इसके अलावा पानी, बिजली, गैस और अन्य जरूरी सेवाओं की लाइनों के लिए अलग-अलग पिट बनाए जाएंगे। इससे सड़क पर लटकते तार और पाइपलाइन की समस्या खत्म होगी और रखरखाव भी आसान होगा।
वृंदावन जोन के अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक के अनुसार, सरकार की मंशा के अनुरूप शहर में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह स्मार्ट रोड परियोजना जल्द शुरू होगी। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
