Baba Balak Nath mandir news : हिमाचल के बाबा पौणाहारी के दरबार में गूंजे जयकारे, चैत्र मेले के दूसरे दिन 35 हजार भक्तों ने टेका माथा
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 02:31 PM (IST)
Baba Balak Nath mandir news : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में चैत्र मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। मेले के दूसरे दिन पर लगभग 35 हजार भक्तों ने बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन किए और अपनी मन्नतें मांगीं। हल्की बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पंजाब, लुधियाना और अमृतसर सहित देश-विदेश से आए श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर पहुँचे, जिससे पूरा धौलागिरी पर्वत जय बाबे दी के जयकारों से गूंज उठा।
भारी भीड़ के कारण भक्तों को दर्शन के लिए 2 से 3 घंटे तक कतारों में इंतज़ार करना पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखने का निर्णय लिया है। मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं के लिए टेंट, लंगर और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भक्तों ने बाबा को प्रसन्न करने के लिए खीर, हलवा-पूरी और रोट का भोग लगाया। केवल रविवार के दिन मंदिर में लगभग 19.88 लाख रुपये का नकद चढ़ावा आया। इसके अलावा भक्तों ने विदेशी मुद्रा और सोना-चांदी भी बाबा के चरणों में अर्पित किया।
मेले की अवधि
यह वार्षिक चैत्र मेला 14 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल 2026 तक चलेगा। सुरक्षा के लिए 350 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं ताकि यात्रा सुचारू रूप से चलती रहे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
