राम मंदिर ट्रस्ट की 22 जुलाई को अहम बैठक, एस.आई.टी. रिपोर्ट पर हो सकती है चर्चा
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 08:18 AM (IST)
अयोध्या (एजैंसी): राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक 22 जुलाई को अयोध्या में होगी। इस महीने ट्रस्ट की यह दूसरी बैठक होगी, जिसमें एस.आई.टी. की अंतिम रिपोर्ट उपलब्ध होने पर उस पर भी चर्चा की जा सकती है।
ट्रस्ट के महासचिव कृष्ण मोहन के अनुसार, दोपहर 3 बजे राम मंदिर परिसर में विशेष बैठक होगी, जबकि शाम 4 बजे ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मणिराम छावनी स्थित आवास पर नियमित बैठक की जाएगी। बैठक के एजैंडे में 6 जुलाई की पिछली बैठक और विशेष बैठक की कार्रवाई की पुष्टि, ट्रस्ट की विभिन्न समितियों के पुनर्गठन तथा ट्रस्ट डीड से जुड़े विषयों पर विचार शामिल हैं। साथ ही, यदि तब तक एस.आई.टी. अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप देती है, तो राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच रिपोर्ट पर भी ट्रस्ट विस्तार से मंथन करेगा।
उल्लेखनीय है कि 6 जुलाई को हुई बैठक में ट्रस्ट ने ट्रस्ट डीड में संशोधन के सुझावों के लिए एक विशेष समिति गठित की थी और श्रद्धालुओं की भेंट के रखरखाव, मूल्यांकन तथा निस्तारण के लिए नए दिशा-निर्देश तय किए थे। ऐसे में 22 जुलाई की बैठक को राम मंदिर प्रशासन और चढ़ावा व्यवस्था से जुड़े भविष्य के फैसलों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
