श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, राम मंदिर कैंपस के 15 मंदिर खोलने की तैयारी
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 08:33 AM (IST)
Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या में राम मंदिर परिसर को लेकर श्रद्धालुओं के लिए एक और बड़ी सौगात की तैयारी चल रही है। फरवरी से परिसर में स्थित 15 अन्य मंदिरों में भी दर्शन की सुविधा शुरू करने की योजना है। इसके लिए ट्रस्ट और प्रशासन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आवश्यक सुविधाओं को लेकर लगातार काम चल रहा है, ताकि भक्तों को सुगम और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव मिल सके। यह पहल राम मंदिर परिसर को एक व्यापक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
फरवरी से खुलेगा भक्ति का नया द्वार
राम मंदिर निर्माण समिति की हालिया बैठक के अनुसार, फरवरी 2026 के पहले या दूसरे सप्ताह से मंदिर परिसर में बने अन्य 15 मंदिरों को आम श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी है।
किन मंदिरों के होंगे दर्शन ?
परिसर में कुल 15 मंदिर तैयार किए गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं। भगवान शिव, प्रथम पूज्य गणेश, वीर हनुमान, सूर्यदेव, माता भगवती और माता अन्नपूर्णा के मंदिर। महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, माता शबरी और ऋषि पत्नी अहिल्या को समर्पित मंदिर। संत तुलसीदास मंदिर और शेष अवतार मंदिर। इसके अलावा जटायु राज की प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र होगी।
दर्शन के लिए क्या है खास तैयारी ?
भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन के लिए ट्रस्ट एक विशेष कंप्यूटर प्रोग्राम तैयार कर रहा है। दर्शनार्थियों को पास के जरिए प्रवेश मिलेगा। यहां दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था होगी। योजना के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 700 से 800 श्रद्धालु ही कुबेर टीला पर दर्शन कर पाएंगे। मार्च-अप्रैल तक रामकथा संग्रहालय में हनुमान डिजिटल गैलरी भी शुरू हो जाएगी, जहां तकनीक के माध्यम से रामायण काल का अनुभव कराया जाएगा। मंदिर के ऊपरी तलों तक पहुंचने के लिए लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
समिति की अगली बैठक
इन मंदिरों को खोलने की सटीक तारीख का निर्णय 23 और 24 जनवरी को होने वाली भवन निर्माण समिति की बैठक में लिया जाएगा। फिलहाल फिनिशिंग का काम अंतिम चरणों में है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
