Ayodhya Ram Mandir: राम जन्मभूमि से उठेगी आस्था की गूंज, सवा करोड़ घरों में होगा भगवा ध्वजारोहण

punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 07:56 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Ayodhya Ram Mandir:  अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का ऐतिहासिक क्षण नजदीक है, जो करोड़ों सनातनियों के लिए न केवल मंदिर निर्माण की पूर्णता का प्रतीक होगा, बल्कि एक विशाल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरण का भी माध्यम बनेगा। इस अवसर को एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप देने के लिए, राम मंदिर में मुख्य ध्वजारोहण के साथ-साथ देशभर के सवा करोड़ घरों में भी भगवा ध्वज फहराने की एक अभूतपूर्व योजना बनाई गई है।

राम मंदिर में ऐतिहासिक ध्वजारोहण
यह ऐतिहासिक कार्यक्रम 25 नवंबर को श्रवण नक्षत्र और अभिजित मुहूर्त में मध्याह्न 12:00 बजे से 12:30 बजे के बीच संपन्न होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों द्वारा मंदिर के 161 फुट ऊंचे मुख्य शिखर पर यह धर्म ध्वज फहराया जाएगा। मुख्य शिखर के अतिरिक्त, मंदिर परिसर के छह अन्य मंदिरों  के शिखरों पर भी भगवा धर्म ध्वज फहराए जाएंगे, जो पूरे परिसर में आध्यात्मिक एकता का संदेश देंगे।

सवा करोड़ घरों में भगवा ध्वज फहराने का अभियान
राम मंदिर में होने वाले इस महाआयोजन को जन-जन तक पहुंचाने और इसे एक राष्ट्रव्यापी पर्व बनाने के लिए 'श्रीरामलला अयोध्याजी सेवा समिति' ने सवा करोड़ घरों में भगवा ध्वज फहराने का संकल्प लिया है।  इस पहल का मुख्य उद्देश्य पूरे देश को अयोध्या के इस ऐतिहासिक पल से भावनात्मक रूप से जोड़ना है। जब अयोध्या के शिखर पर ध्वज फहराएगा, तो करोड़ों घरों पर लहराता भगवा ध्वज एक साथ पूरे राष्ट्र की आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति बनेगा।

समिति का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के हाथों होने वाला यह ध्वजारोहण सभी सनातनियों के लिए गर्व का दिन होगा और हर घर पर ध्वज फहराना उस आध्यात्मिक एकता और गर्व की भावना को दर्शाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News