राम मंदिर में गूंजा नारा : छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2024 - 07:37 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

रायपुर (विशेष): अयोध्या धाम में पवित्र राम जन्मभूमि में श्री रामलला के दर्शन के लिए जैसे ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट के सहयोगी पहुंचे, पूरे मंदिर परिसर में नारा गूंज उठा। छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम। इस तरह पूरा परिसर राम भक्ति के माहौल में, ननिहाल से आए भक्तों की स्नेह सिक्त वाणी से गुंजायमान हो गया।

 जिस तरह माता शबरी की शिवरीनारायण में भगवान श्री राम के पुण्य दर्शन की इच्छा पूरी हुई थी, वही साध ननिहाल के हर राम भक्त को होती है। मुख्यमंत्री साय और उनकी कैबिनेट की भी रामलला के दर्शन की इच्छा शनिवार को पूरी हो गई। मुख्यमंत्री व उनकी कैबिनेट के सदस्यों ने शनिवार को अयोध्या धाम पहुंचकर श्री रामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भांचा राम के ननिहाल का उपहार भी प्रभु के चरणों में अर्पित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ से शबरी माता की भूमि शिवरीनारायण से बेर तथा पवित्र जल, विष्णु भोग का चावल, अनारसा, करी लड्डू तथा कोसे के वस्त्र प्रभु को अर्पित किए। 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रभु श्री राम से छत्तीसगढ़ के लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग पूरी कैबिनेट के साथ श्री रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम आए। भगवान श्रीराम हमारे छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। भांचा राम के दर्शन के लिए हम लोग बहुत उत्सुक थे। भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से वो शुभ घड़ी आ गई है जब हम लोगों को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News