Ayodhya Deepotsav 2025: अयोध्या में जगमगाएंगे 28 लाख दीप, बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड
punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 07:31 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
अयोध्या (एजैंसी): अयोध्या में इस बार नौवां दीपोत्सव 2025 अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है। सरयू तट के 56 घाटों पर लगभग 26 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जिसके लिए 28 लाख दीप बिछाए जा रहे हैं। यह आयोजन एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेगा।
इस बार लक्ष्मण किला घाट को पहली बार दीपोत्सव में शामिल किया गया है, जहां सवा 4 लाख दीप जलेंगे। वहीं, राम की पैड़ी पर 15 से 16 लाख दीपों की अविरल शृंखला से पूरा घाट जगमगा उठेगा। भजन संध्या घाट पर साढ़े पांच लाख और चौधरी चरण सिंह घाट पर साढ़े 4 लाख दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरी रामनगरी भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगी। डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र के निर्देशन में दीपोत्सव की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
