सुखबीर को श्री अकाल तख्त पर फिर तलब करने के लिए जत्थेदार को सौंपा मांग पत्र
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 12:22 PM (IST)
अमृतसर (सर्बजीत): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मास्टर मिठ्ठू सिंह कानेके की अगुवाई में श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में मांग पत्र सौंप कर शिअद के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को दोबारा तलब करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने अपील की कि सुखबीर बादल द्वारा दिल्ली में दिए गए बयानों की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
मास्टर मिठ्ठू सिंह कानेके ने कहा कि सुखबीर बादल ने अपने बयानों के जरिए श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और अथॉरिटी को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल द्वारा अपने ऊपर हुए षड्यंत्रों और हमलों के बारे में किए गए दावों के सबूत सार्वजनिक करने चाहिए। यदि ये बयान बिना किसी आधार के दिए गए हैं तो अकाल तख्त साहिब द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए।
कानेके ने कहा कि शिरोमणि कमेटी के 106 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी ने इस तरह अकाल तख्त साहिब के आदेशों को चुनौती दी हो। उन्होंने कहा कि सिख पंथ हमेशा अकाल तख्त साहिब के आगे नतमस्तक रहा है, लेकिन ऐसा रवैया पहले कभी देखने को नहीं मिला। शिरोमणि कमेटी की यह जिम्मेदारी बनती है कि अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता को बरकरार रखा जाए।
