Amarnath Yatra 2026 : पहले से ज्यादा सुरक्षित होगी अमरनाथ यात्रा, इस बार मिलेगा बीमा कवर और बेहतर सुविधाएं

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 12:21 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Amarnath Yatra 2026 : अमरनाथ की वार्षिक यात्रा 2026 को लेकर जम्मू-कश्मीर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने Shri Amarnathji Shrine Board की 50वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कई अहम निर्णय लिए।

इस वर्ष यात्रा की शुरुआत 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर प्रथम पूजा के साथ की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए इस बार एक विशेष आकर्षण लेजर और साउंड शो होगा, जिसे बाबा बर्फानी को समर्पित किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्रीनगर और जम्मू दोनों स्थानों पर आयोजित किया जाएगा और इसके माध्यम से प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया गया है कि दुर्घटना बीमा राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया जाए। यह सुविधा पंजीकृत यात्रियों के साथ-साथ सेवा प्रदाताओं, अधिकारियों, मौसमी कर्मचारियों और पुजारियों को भी उपलब्ध होगी।

यात्रा मार्ग पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शौचालयों की संख्या बढ़ाने, बारिश से बचाव हेतु शेड लगाने, संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर और सुरक्षा रेलिंग स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बालटाल और पहलगाम मार्गों पर ट्रैक को चौड़ा किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।

इन तैयारियों के साथ प्रशासन का लक्ष्य है कि 2026 की अमरनाथ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बने।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News