रील के झगड़े में पति की हत्या, लाश के पास सज-संवर कर बीयर पीकर नाची पत्नी, लोगों में भारी आक्रोश
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 12:22 AM (IST)
नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर हुए झगड़े में पत्नी ने अपने पति की कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने पति की लाश के पास ही श्रृंगार किया और फिर शादी के समारोह में जाकर बीयर पीकर डांस किया। इस घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
मामला कहां और कैसे हुआ?
यह घटना झाबुआ के थांदला थाना क्षेत्र के नारेला गांव की है। मृतक युवक का नाम कैलाश (25) था, जिसकी शादी जून 2025 में हुई थी। परिवार को उम्मीद थी कि नई बहू आने से घर में खुशियां बढ़ेंगी, लेकिन कुछ ही महीनों में यह रिश्ता एक भयानक अपराध में बदल गया।
घर में शादी थी, उसी सुबह खुला राज
28 जनवरी की सुबह घर में कैलाश के चाचा थावर सिंह माल के बेटे बंटी की शादी थी और बारात की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान कैलाश की बड़ी बहन लीला उसे जगाने उसके कमरे में गईं। कई बार आवाज देने और कंबल हटाने के बाद भी जब कैलाश नहीं उठा, तो उन्होंने उसका पैर छुआ, जो ठंडा और सख्त था। घबराकर उन्होंने परिवार को बुलाया और तब पता चला कि कैलाश की मौत हो चुकी है।
रस्सी से गला घोंटकर हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि कैलाश की पत्नी ने कथित तौर पर रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या की थी। हत्या के बाद उसने वही रस्सी शादी में आई नई अलमारी में छिपा दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि आरोपी पत्नी नाबालिग है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
लाश के पास किया श्रृंगार
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी पत्नी का व्यवहार था। पति की लाश घर में पड़ी होने के बावजूद उसने वहीं खड़े होकर मेकअप किया और साड़ी पहनी।उसने अपनी भतीजी से तैयार होने में मदद भी ली। जब भतीजी ने कैलाश को जगाने की बात कही, तो पत्नी ने कहा कि “कैलाश ने खुद ही मना किया है कि उसे न जगाया जाए और वह बारात में नहीं जाएगा।” इसके बाद वह सीधे शादी के मंडप में चली गई।
बीयर पीकर डांस
आरोप है कि मंडप में जाकर उसने बीयर पी और अन्य लोगों के साथ डांस किया। इस पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे लोग हैरान और गुस्से में हैं।
