'मोदी कहीं नहीं जाएगा ब्रो': मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भड़की BJP; पटना से लेकर चंडीगढ़ तक भारी बवाल, फूंके पुतले
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 11:17 PM (IST)
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के बाद देशभर में सियासी संग्राम छिड़ गया है। पटना में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया, जिसके तहत दिल्ली, पटना, जयपुर और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
'इट्स डन ब्रो... मोदी कहीं नहीं जाएगा': सोशल मीडिया पर भाजपा का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कड़ा तंज कसा। भाजपा ने पोस्ट में लिखा, "इट्स डन ब्रो..., मोदी कहीं नहीं जाएगा"। पार्टी ने आगे लिखा, "डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो, जो आपके आका को कभी नहीं मिलेगा"। वहीं, दिल्ली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस अमर्यादित बयान को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
पटना में निकाला 'जन आक्रोश मार्च', संजय सरावगी की मौजूदगी में फूंका पुतला
बिहार की राजधानी पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खरगे की टिप्पणी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए 'जन आक्रोश मार्च' निकाला। यह मार्च पार्टी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर तक पहुंचा। इस दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और खरगे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला फूंका।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी भारी आक्रोश, जयपुर में बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा का खुला उल्लंघन और अत्यंत अपमानजनक करार दिया। उधर, राजस्थान के जयपुर में प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल पर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और एससी मोर्चा ने जोरदार नारेबाजी की। जब भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने आगे बढ़े, तो पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करते नजर आए।
चंडीगढ़ में वाटर कैनन तैनात, कांग्रेस दफ्तर की तरफ कूच
चंडीगढ़ में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ता सेक्टर 33 स्थित कार्यालय से सेक्टर 34 स्थित चंडीगढ़ कांग्रेस दफ्तर की तरफ कूच करने लगे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बीच रास्ते में भारी बैरिकेडिंग की और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन तैनात कर दिए।
'अपमानजनक भाषा कांग्रेस की विरासत बन चुकी है': नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अब कांग्रेस की विरासत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जितने भी अध्यक्ष हो रहे हैं, वे लगातार प्रधानमंत्री के परिवार पर हमला करते हैं और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मर्यादा तोड़ने वाली भाषा की तरह ही अब उनके वर्तमान अध्यक्ष भी बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय हताशा और निराशा के दौर से गुजर रही है, इसीलिए दिवालिया मानसिकता के साथ ऐसे शब्दों का प्रयोग कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दिया है और यदि उन्हें अपमानित किया गया, तो देश की जनता कांग्रेस को इसकी सजा देती रहेगी।
