अब ‘आप’ करेगी संसद का घेराव,नेतृत्व करेंगे केजरीवाल

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2015 - 06:20 AM (IST)

चंडीगढ़(अविनाश पांडेय): किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने संसद के घेराव की तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी आगामी 22 अप्रैल को दिल्ली में भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन, किसानों का मुआवजा बढ़ाने, फसलों का उचित मूल्य दिए जाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर से संसद तक पैदल मार्च करेगी। इस मार्च में हरियाणा से हजारों लोग शामिल होंगे। यह खुलासा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन जयहिंद ने आज पत्रकारों से बातचीत में किया। उन्होंने बताया कि इस रैली का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे।

जयहिंद ने कांग्रेस की किसान रैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेस को किसानों की याद आ रही है, लेकिन कांंग्रेस के राज में पूरे देश में एस.ई.जैड के नाम पर जमीनें हड़प करके बड़े औद्योगिक घरानों को सौंपी गई। जयहिंद ने कहा कि कांग्रेस के राज में सोनिया गांधी के दामाद ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मिलकर किसानों की बेशकीमती जमीनों को हड़प कर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा दिल्ली में आयोजित की गई रैली किसानों के हित में नहीं, बल्कि कई दिनों से गायब रहे राहुल गांधी को फिर से राजनीति में लांच करने के लिए किसान हितों के साथ खिलवाड़ किया गया है।

प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर हमला करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद ने कहा कि प्रदेश की पूर्व सरकार की तरह ही मौजूदा सरकार ने भी किसानों के साथ खिलवाड़ किया है। आज न तो सही मायने में गिरदावरी हो रही है और न किसानों को मुआवजा मिल रहा है। हरियाणा के किसानों को दिल्ली की तर्ज पर मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए जयहिंद ने कहा कि प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री आए दिन गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।

नवीन जयहिंद ने कहा कि किसानों की फसलों को जो नुक्सान हुआ है उसकी जांच के लिए पटवारी नहीं, बल्कि गांव के पंच, सरपंच को लगाना चाहिए, क्योंकि गांव का पंच, सरपंच और पंचायत ही बेहतर समझती है कि किसान का कितना नुक्सान हुआ है। जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकत्र्ताओं द्वारा प्रदेश के सभी जिलों का दौरा किया जा रहा है। आज प्रदेश के सैकड़ों गांव ऐसे हैं जहां सरकारी कर्मचारियों ने गिरदावरी नहीं की है।

अनुशासन समिति करेगी योगेंद्र पर निर्णय 
नवीन जयहिंद ने कहा कि योगेंद्र यादव के मामले पर अंतिम निर्णय पार्टी की अनुशासनात्मक समिति द्वारा लिया जाएगा। बहरहाल 22 अप्रैल को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में हरियाणा के सभी जिलों के कार्यकत्र्ता व किसान दिल्ली में भाग लेंगे। जयहिंद ने कहा कि हरियाणा में पार्टी का जनाधार यथावत है और अगले महीने तक नए तरीके से संगठन तैयार किया जाएगा। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News