जीरो बजट प्राकृतिक खेती से लाभप्रद बनेगी कृषि: नायडू

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 11:47 AM (IST)

नई दिल्लीः उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने खेती को सतत और लाभप्रद बनाने के लिए शून्य लागत वाली प्राकृतिक कृषि पद्धति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि लागत में कटौती होने से किसानों की आय बढ़ेगी। नायडू ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कृषि विशेषज्ञ सुभाष पालेकर और आंध प्रदेश सरकार के कृषि सलाहकार विजय कुमार के साथ परिचर्चा के दौरान यह कहा। यह परिचर्चा किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जारी परिचर्चाओं और सलाह-मशविरों का हिस्सा है। बातचीत के दौरान देवव्रत ने उप राष्ट्रपति को हिमाचल प्रदेश में किसानों की आय बढाने के लिए अपनाई जाने वाली कृषि पद्धतियों की जानकारी दी।

कुमार और पालेकर ने लागत में कटौती करने और प्राकृतिक खेती को बढावा देने में शून्य बजट कृषि की भूमिका की जानकारी दी। नायडू ने कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और हाल में महाराष्ट्र के पुणे में कृषि पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की परिचर्चा के नतीजों पर भी बात की। उन्होंने खेती को लाभकारी बनाने के लिए नवाचारी समाधानों की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने लागत में बढोतरी और किसानों की आय में कमी पर चिंता व्यक्त की और साथ ही खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में तेज वृद्धि करने के लिए केंद्र सरकार की तारीफ की।

उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर हिमाचल प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि अन्य राज्यों को भी इसका अनुकरण करना चाहिए। उन्होंने जलवायु परिवर्तऩ और बिचौलियों की समस्या पर भी चर्चा की। उर्वरक और कीटनाशकों की बढ़ी कीमत का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य सरकारों से किसानों के लिए हितकारी नीतियों के निर्माण की अपील की।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News