2022 में मस्‍क-बेजोस जैसे धनकुबेरों के खरबों डॉलर डूबे, सिर्फ भारतीय अरबपतियों की बढ़ी कमाई

punjabkesari.in Saturday, Jul 02, 2022 - 06:02 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः साल 2022 दुनियाभर के धनकुबेरों के लिए अभी तक अच्‍छा नहीं रहा है। शेयर बाजारों में आ रही गिरावट की वजह से दुनियाभर के धनकुबेरों की संपत्तियों में तेजी से गिरावट आई है। ब्‍लूमबर्ग की ओर से जारी बिलेनियर इंडैक्‍स के अनुसार साल 2022 के शुरूआती 6 महीनों में दुनिया के सबसे अमीर व्‍यक्ति एलन मस्‍क की कुल संपत्ति घटकर 210 अरब डॉलर रह गई और इस दौरान उन्‍हें 59.9 अरब डॉलर का झटका लगा है। दूसरे नंबर पर काबिज जैफ बेजोस की कुल संपत्ति 133 अरब डॉलर रह गई और उन्‍हें 59.3 अरब डॉलर का नुक्सान हुआ है। इस दौरान टॉप 10 में शामिल सिर्फ भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में ही इजाफा देखा गया है।

मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति आधी से भी कम रह गई
सबसे ज्‍यादा नुक्सान फेसबुक के को-फाऊंडर मार्क जुकरबर्ग को हुआ है। ब्‍लूमबर्ग के अनुसार साल 2022 में जुकरबर्ग की कुल संपत्ति 65.9 अरब डॉलर गिरकर 59.3 अरब डॉलर रह गई है। इतनी बड़ी गिरावट की वजह से जुकरबर्ग अब टॉप 10 की सूची से भी बाहर हो गए हैं। जुकरबर्ग अब अरबपतियों की लिस्‍ट में 17वें पायदान पर पहुंच गए हैं। सूची में तीसरे पायदान पर काबिज फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्‍ट की संपत्ति 2022 में अब तक 50.4 अरब डॉलर घट चुकी है और अब यह 128 अरब डॉलर रह गई है। इसी तरह, चौथे नंबर के अरबपति बिल गेट्स की संपत्ति 22.9 अरब डॉलर गिरकर 115 अरब डॉलर रह गई है। लैरी पेज को 29.3 अरब डॉलर का नुक्सान हुआ तो वॉरेन बफे को 12.5 अरब डॉलर का झटका झेलना पड़ा, सर्जे ब्रिन की संपत्ति भी 28.3 अरब डॉलर घट गई तो स्‍टीव बाल्‍मर को 13.7 अरब डॉलर का नुक्सान हुआ।

अडानी-अंबानी हुए मालामाल
ब्‍लूमबर्ग के अनुसार इसी दौरान टॉप 10 में शामिल रहे भारतीय अरबपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी मालामाल हो गए है। अडानी की संपत्ति 22.3 अरब डॉलर बढ़कर 98.8 अरब डॉलर पहुंच गई और वे सूची में 6वें स्‍थान पर काबिज हैं। मुकेश अंबानी की संपत्ति में 3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ और उनकी कुल संपत्ति 93 अरब डॉलर के आसपास पहुंच गई।

ब्‍लूमबर्ग की 500 अरबपतियों की सूची में शामिल अन्‍य भारतीयों में अजीम प्रेमजी की संपत्ति इस दौरान 15.5 अरब डॉलर घटी, जबकि शिव नाडर को 8.51 अरब डॉलर का नुक्सान हुआ। राधाकिशन दमानी को भी 7.40 अरब डॉलर का झटका लगा जबकि लक्ष्‍मी मित्तल को 4.59 अरब डॉलर का नुक्सान हो गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News