BSE NSE Holiday Today: भारतीय शेयर बाजार आज नहीं होगा कोई कारोबार, आगे कब बंद रहेगा बाजार?
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 10:56 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार देर रात (भारतीय समयानुसार) बड़ा ऐलान करते हुए उन सभी देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया है, जिन्होंने अमेरिका पर जवाबी टैरिफ नहीं लगाया है। इसके साथ ही चीन पर टैरिफ को बढ़ाकर 125% करने की घोषणा की है।
इस ऐलान के बाद अमेरिका से लेकर एशियाई बाजारों तक जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। अमेरिकी फ्यूचर्स आज शानदार उछाल पर हैं। जापान, दक्षिण कोरिया जैसे कई एशियाई बाजारों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार को इस तेजी में शामिल होने के लिए एक दिन का इंतजार करना होगा क्योंकि आज यानी 10 अप्रैल को महावीर जयंती के अवसर पर BSE और NSE बंद हैं।
बुधवार को भारतीय बाजार का हाल
बुधवार को ग्लोबल संकेतों की कमजोरी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स कुछ रिकवरी के साथ बंद हुए।
- सेंसेक्स 380 अंक की बढ़त के साथ 73,848 पर बंद हुआ।
- निफ्टी 137 अंक गिरकर 22,399 पर बंद हुआ।
- निफ्टी बैंक 271 अंक टूटकर 50,240 पर बंद हुआ।
सेक्टोरल फ्रंट पर IT, फार्मा, रियल्टी और मेटल शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। एनर्जी, निफ्टी बैंक इंडेक्स गिरावट पर बंद हुए। निफ्टी के सबसे तेजी वाले शेयरों की लिस्ट में TCS, Infosys, HDFC Bank और SBI जैसे हैवीवेट स्टॉक्स का नाम रहा।
अप्रैल में शेयर बाजार कब बंद रहेगा?
- 14 अप्रैल (रविवार) – डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती
- 18 अप्रैल (गुरुवार) – गुड फ्राइडे
साथ ही हर शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश रहेगा। इन सभी दिनों में इक्विटी मार्केट, करेंसी डेरिवेटिव, SLB सेगमेंट और कमोडिटी सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी।
कमोडिटी बाजार का शेड्यूल
नेशनल कमोडिटी & डेरिवेटिव एक्सचेंज (NCDEX) पर दी गई जानकारी के अनुसार, यहां भी 10 अप्रैल, 14 अप्रैल और 18 अप्रैल को कोई कामकाज नहीं होगा। इस एक्सचेंज पर दोनों सेशन यानी सुबह और शाम के सेशन में कोई कामकाज नहीं होगा। NCDEX पर सुबह का सेशन 10 बजे से शाम 5 बजे तक होता है। शाम का सेशन 5 बजे से रात 9 बजे तक के लिए होता है।
वहीं MCX पर 10 अप्रैल को सुबह का सेशन बंद होगा और शाम के सेशन में कामकाज जारी रहेगा। 14 अप्रैल को भी इस एक्सचेंज पर सुबह के सेशन में कामकाज नहीं होगा लेकिन शाम के सेशन में सामान्य रूप से कामकाज होगा लेकिन 18 अप्रैल को दोनों सेशन में कोई कामकाज नहीं होगा। MCX पर सुबह का सेशन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक के लिए होता है। शाम का सेशन 5 बजे से रात 11:30/11:55 बजे तक के लिए होता है।