सोने के कीमतों पर बड़ी भविष्यवाणी, 90000 रुपए तक जा सकता है 10 ग्राम Gold का भाव!

punjabkesari.in Thursday, Sep 05, 2024 - 05:08 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अगर आप सोने में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो यह जानना जरूरी है कि आने वाले समय में इससे कितना रिटर्न मिल सकता है। सोना हमेशा से ही रिटर्न के मामले में अन्य सभी एसेट क्लास से बेहतर साबित हुआ है। खास बात यह है कि जब शेयर बाजार या प्रॉपर्टी की कीमतें गिरती हैं, तब भी सोने की चमक बरकरार रहती है। यही वजह है कि सोना निवेश के लिए सालों से लोगों का पसंदीदा विकल्प बना हुआ है। फिलहाल सोने की कीमत 71,000 रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर ट्रेड कर रही है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोने की कीमत जल्द ही 75,000 से 80,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। अब सोने की कीमतों को लेकर एक और बड़ा अनुमान सामने आया है।

बैंक ऑफ अमेरिका का अनुमान

बैंक ऑफ अमेरिका के रणनीतिकारों ने अनुमान लगाया है कि 2025 तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 3,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। 2023 से बैंक ऑफ अमेरिका की कमोडिटी टीम सोने पर तेजी का रुख बनाए हुए है। इस साल अब तक सोने की कीमत 21% बढ़ चुकी है और आगे भी इसमें उछाल आने की उम्मीद है। अगर सोने की कीमत 3,000 डॉलर प्रति औंस हो जाती है, तो भारत में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 90,000 रुपए तक जा सकती है।

गोल्डमैन सैस का नजरिया

बैंक ऑफ अमेरिका के अलावा, इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट फर्म गोल्डमैन सैस ने भी सोने पर बुलिश नजरिया रखा है। गोल्डमैन सैस का अनुमान है कि 2025 की शुरुआत तक सोने की कीमतें 2,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती हैं, जिससे भारत में सोने का भाव 81,000 रुपए प्रति 10 ग्राम हो जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News