लगातार 5वें हफ्ते घटा देश का विदेशी मुद्रा भंडार, 2 अरब डॉलर से ज्यादा की आई कमी

punjabkesari.in Saturday, Apr 16, 2022 - 11:50 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 5वें हफ्ते गिरावट आई है। 8 अप्रैल, 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह 2.471 अरब डॉलर घटकर 604.004 अरब डॉलर रह गया। बीते 5 हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 28.5 अरब डॉलर घट चुका है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

इससे पहले 1 अप्रैल 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह रिकॉर्ड 11.173 अरब डॉलर घटकर 606.475 अरब डॉलर रह गया था। 25 मार्च, 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह 2.03 अरब डॉलर घटकर 617.648 अरब डॉलर रह गया था। रिजर्व बैंक के मुताबिक, 18 मार्च, 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह 2.597 अरब डॉलर घटकर 619.678 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले 11 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में यह 9.646 अरब डॉलर घटकर 622.275 अरब डॉलर रह गया था।

10.7 अरब डॉलर घटी एफसीए
आरबीआई के शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 8 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट मुख्य रूप से फॉरेन करेंसी एसेट (एफसीए) में आई कमी की वजह से हुई जो कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिजर्व बैंक ने कहा कि रिपोर्टिंग वीक में भारत की एफसीए (FCA) 10.7 अरब डॉलर घटकर 539.727 अरब डॉलर हो गई।

डॉलर में बताई जाने वाली एफसीए में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है। गौरतलब है देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 सितंबर, 2021 को खत्म हुए सप्ताह में 642.453 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News