Why Share Market up today: 5 दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में जोरदार वापसी, निवेशकों को ₹4.76 लाख करोड़ का फायदा
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 12:18 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः लगातार पांच कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार वापसी की। वैश्विक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों का भरोसा लौटा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 636 अंकों से अधिक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,900 के स्तर को पार कर गया। इस तेजी की वजह से शेयर बाजार निवेशकों को 4.76 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।
बाजार में तेजी की प्रमुख वजहें
भू-राजनीतिक तनाव में कमी
अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव कम होने से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना। निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ने से शेयर बाजार में खरीदारी देखने को मिली।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में गिरावट आई, जिससे महंगाई और आयात लागत को लेकर चिंताएं घटीं। इसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला।
डॉलर इंडेक्स में कमजोरी
तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक निवेशकों के बेहतर सेंटीमेंट के चलते डॉलर इंडेक्स पर दबाव बना रहा। कमजोर डॉलर ने उभरते बाजारों में निवेश का माहौल बेहतर किया।
इंडिया VIX में गिरावट
बाजार की अस्थिरता को दर्शाने वाला इंडिया VIX भी गिरा, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जाता है। VIX में कमी से बाजार में उतार-चढ़ाव घटने की उम्मीद बढ़ी है।
IT शेयरों में जोरदार खरीदारी
आईटी सेक्टर में मजबूत खरीदारी ने बाजार को सबसे अधिक सहारा दिया। इसके अलावा एफएमसीजी, फार्मा और रियल्टी शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। सरकारी और निजी बैंकिंग शेयरों में भी खरीदारी का रुख देखने को मिला, जिससे बाजार की बढ़त को और मजबूती मिली।
निवेशकों को 4.76 लाख करोड़ का फायदा
शेयर बाजार में तेजी की वजह से निवेशकों को काफी फायदा हुआ। बीएसई का मार्केट कैप बीते शुक्रवार को 4,75,69,475.24 करोड़ रुपए पर था, जो सोमवार को बढ़कर 4,80,45,444.68 करोड़ रुपए पर आ गया। इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में कारोबारी सत्र के दौरान 4,75,969.44 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।
