Reason Market Rally: सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार उछाल, निवेशकों ने कमाए ₹6 लाख करोड़

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 11:24 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद में शुक्रवार को शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 1000 अंक उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी करीब 275 अंक पर कारोबार करता दिखा। इस बीच रुपया भी डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में 60 पैसे मजबूत होकर 95.25 पर पहुंच गया। बाजार में आई इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 459 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर तेजी के साथ खुले। इंडिगो में सबसे ज्यादा 3.29 फीसदी तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, मारुति, एचडीएफसी बैंक, इटरनल, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी ओर टेक महिंद्रा का शेयर मामूली गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया। 

बाजार में तेजी की वजह?

बाजार में यह तेजी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की खबरों से आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच समझौते पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का भी आदेश दिया है। उनका कहना है कि अगले कुछ दिनों में डील पर साइन हो जाएंगे और इसके साथ ही होर्मुज स्ट्रेट खुल जाएगा। इससे कच्चे तेल की कीमत में भी आज गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड अभी 1.67 फीसदी गिरावट के साथ 88.87 डॉलर प्रति बैरल पर है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News