वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से घरेलू बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 504 अंक उछला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 11:24 AM (IST)

मुंबईः वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के अनुरूप घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी लौटी। इसके साथ ही लगातार दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। बीएसई सेंसेक्स 504.76 अंक चढ़कर 76,983.43 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 151.60 अंक की बढ़त के साथ 24,017.35 अंक पर कारोबार कर रहा है। 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी पोर्ट्स और एशियन पेंट्स के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और एनटीपीसी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त में, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। हांगकांग का बाजार बंद है। 

अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.24 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,556.75 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 249.70 अंक और एनएसई निफ्टी 80.50 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News