शेयर बाजार की जोरदार वापसी, निवेशकों की झोली में 5.57 लाख करोड़, ये हैं बाजार में तेजी की मुख्य वजहें
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 11:42 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः बुधवार की बड़ी गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स 635 अंक से ज़्यादा बढ़कर 77,139 पर और निफ्टी 195 अंक बढ़कर 24,077 पर पहुंच गया। इस तेजी से BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप में लगभग 5.57 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ, यानि निवेशकों की दौलत में ₹5.57 लाख करोड़ का इजाफा हुआ। इससे एक दिन पहले निवेशकों को हुए 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान की आंशिक भरपाई हुई।
सेंसेक्स में भारती एयरटेल और सन फार्मा के शेयरों में लगभग 3% की तेजी दर्ज की गई। वहीं एशियन पेंट्स, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1% से ज़्यादा की तेज़ी देखी गई। इसके उलट, IT शेयरों (जैसे इंफोसिस और TCS) और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 1-2% की गिरावट आई, जिससे बेंचमार्क इंडेक्स में नुकसान वाले शेयरों में ये सबसे आगे रहे।
बाजार में तेजी की मुख्य वजहें....
भूराजनीतिक तनाव में नरमी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से निवेशकों का भरोसा बढ़ा कि ईरान के साथ तनाव दोबारा बढ़ने की संभावना कम है। इससे वैश्विक बाजारों में जोखिम की चिंता कुछ कम हुई।
वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत
जापान का निक्केई सूचकांक करीब 2 प्रतिशत चढ़ा, जबकि अमेरिकी बाजारों में नैस्डैक मजबूती के साथ बंद हुआ। डॉव जोंस फ्यूचर्स में भी बढ़त ने सकारात्मक माहौल बनाया।
FII की लगातार खरीदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने लगातार छठे कारोबारी सत्र में भारतीय शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार उन्होंने 1,962.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया स्थिर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग 95.55 के स्तर पर स्थिर रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि आगे बाजार की दिशा अमेरिका-ईरान संबंधों, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक जोखिम संकेतों पर निर्भर करेगी।
बेहतर तिमाही नतीजों की उम्मीद
बाजार को उम्मीद है कि जून 2026 तिमाही में निफ्टी-50 कंपनियों की आय में दो अंकों की वृद्धि दर्ज होगी। अनुमान है कि कंपनियों का राजस्व 10.6 प्रतिशत और शुद्ध लाभ 5.8 प्रतिशत बढ़ सकता है, जिससे निवेशकों का उत्साह बना हुआ है।
