हिंडनबर्ग अटैक के बाद अडानी ही नहीं इन सरकारी बैंकों को भी लगा झटका, 18% तक लुढ़के शेयर

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2023 - 02:28 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च ने 24 जनवरी को अडानी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी के शेयरों को 85 फीसदी ओवरवैल्यूड बताया गया था। साथ ही अडानी ग्रुप पर शेयरों में हेरफेर का आरोप लगाया गया था। इसके बाद से ही अडानी के शेयरों में भारी गिरावट का दौर शुरू हुआ। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से अडानी की 10 लिस्टेड कंपनियों की मार्केट वैल्यू 146 अरब डॉलर या करीब 60 फीसदी घट गई है। अडानी के कुछ शेयरों में तो लगातर लोअर सर्किट लग रहा है। सिर्फ अडानी ही नहीं एलआईसी (LIC) और कुछ बैंकों के शेयर भी नीचे आए हैं। कुछ सरकारी बैंकों के शेयर 18 फीसदी तक लुढ़क गए हैं। आइए जानते हैं कि ये कौन-से बैंकों के शेयर हैं।

बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 18% टूटा

सरकारी क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया का शेयर पिछले एक महीने में 18 फीसदी से अधिक गिर गया है। शुक्रवार को यह शेयर 1.68 फीसदी या 1.20 रुपए गिरकर 70.05 रुपए पर बंद हुआ। यह शेयर 24 जनवरी को 80.55 रुपए पर था। इस शेयर का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 103.50 रुपए और 52 हफ्ते का निम्न स्तर 40.40 रुपए है। इस बैंक का बीएसई पर मार्केट कैप शुक्रवार को 28,745.48 करोड़ रुपए था।

इंडियन ओवरसीज बैंक 17% टूटा

बीते एक महीने में इंडियन ओवरसीज बैंक का शेयर 17 फीसदी टूट गया है। यह शेयर 24 जनवरी को 29.15 रुपए पर था। शुक्रवार को यह 24.20 रुपए पर बंद हुआ था। इस शेयर का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 36.70 रुपए और निम्न स्तर 15.25 रुपए है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 16% टूटा

बीते एक महीने में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 16.7 फीसदी टूट गया है। यह शेयर एक महीने पहले 80 रुपए का था, जो शुक्रवार को 67.05 रुपए पर बंद हुआ है। इसका 52 हफ्ते का उच्च स्तर 96.40 रुपए और निम्न स्तर 33.55 रुपए है।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 16.47% टूटा

सरकार क्षेत्र के बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शेयर बीते एक महीने में 16.47% टूट गया है। यह शेयर शुक्रवार को 25.35 रुपए पर बंद हुआ था।

पंजाब एंड सिंध बैंक का शेयर 15.6% टूटा

पंजाब एंड सिंध बैंक की बात करें, तो यह शेयर बीते एक महीने में 15.6% टूटा है। यह शुक्रवार को 4.86 फीसदी या 1.30 रुपए गिरकर 25.45 रुपए पर बंद हुआ।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News