सैंसेक्स लगातार दूसरे दिन टूटा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 21, 2016 - 05:58 PM (IST)

मुंबईः विदेशी बाजारों से मिले सकारात्मक रुख के कारण लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा सैंसेक्स अंतिम डेढ़ घंटे में आई.टी.सी., आई.सी.आई.सी.आई. बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में हुई बिकवाली से लगातार दूसरे दिन गिरावट में बंद हुआ।

सैंसेक्स 15.78 अंक टूटा जबकि नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.25 अंक की मामूली तेजी में रहा। बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 31.18 अंक की तेजी के साथ 28,554.38 अंक पर खुला। सकारात्मक वैश्विक संकेतों से दोपहर से पहले ही यह 28,689.36 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बैंक ऑफ जापान के ब्याज दर के लिए दीर्घावधि लक्ष्य तय करने से सभी प्रमुख एशियाई तथा यूरोपीय बाजार हरे निशान में रहे।

हालांकि, बैंक ऑफ जापान ने मुख्य ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है लेकिन उसने बांड पर ब्याज दर 10 साल तक शून्य रखने लक्ष्य तय किया है। वहां मुख्य ब्याज दर 0.10 प्रतिशत ऋणात्मक है। दोपहर बाद 2 बजे के बाद विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी आई.टी.सी. तथा बढ़ते एन.पी.ए. का दबाव झेल रहे आई.सी.आई.सी.आई. बैंक और एस.बी.आई. में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना और यह 28,462.33 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया। अंत में कुछ वापसी करते हुए यह गत दिवस के मुकाबले 0.06 प्रतिशत यानी 15.78 अंक लुढ़ककर 15 सितंबर के बाद के निचले स्तर 28,507.42 अंक पर बंद हुआ। 

निफ्टी 14.40 अंक की बढ़त में 8,790.30 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 8,826.85 अंक के दिवस के उच्चतम तथा 8,757.30 अंक के दिवस के निचले स्तर को छुआ। अंत में यह 0.01 फीसदी अर्थात् 1.25 अंक की मामूली तेजी के साथ 8,777.15 अंक पर रहा। बड़ी कंपनियों के साथ मझौली कंपनियों पर भी दबाव रहा जबकि छोटी कंपनियों में तेजी देखी गई। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.07 प्रतिशत फिसलकर 13,111.77 अंक पर और स्मॉलकैप 0.19 प्रतिशत चढ़कर 12,821.36 अंक पर बंद हुआ। बी.एस.ई. में कुल 2,923 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,413 में लिवाली तथा 1,312 में बिकवाली का जोर रहा जबकि 198 के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News