सहारा संपत्ति नीलामी: सेबी ने 16 संपत्ति और जोड़ी, आरक्षित मूल्य 650 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Friday, Jun 24, 2016 - 04:32 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सहारा समूह की नीलाम की जाने वाली संपत्तियों में 16 और भूखंडों को इसमें शामिल किया है। इनके लिए आरक्षित मूल्य 650 करोड़ रुपए रखा गया है। इन संपत्तियों की नीलामी अगले महीने की जाएगी। इस तरह संकट में फंसे समूह की नीलाम की जाने वाली संपत्तियों की संख्या 58 हो गई है, जिनका कुल आरक्षित मूल्य करीब 5,000 करोड़ रुपए बैठता है।   

 

सेबी ने आज अलग से जारी एक नोटिस में कहा कि एस.बी.आई. कैप्स 27 जुलाई को 8 संपत्तियों की नीलामी करेगी। इनका आरक्षित मूल्य 202 करोड़ रुपए है। वहीं एच.डी.एफ.सी. रियल्टी 21 जुलाई को 8 अन्य संपत्तियों की ई-नीलामी करेगी। इन संपत्तियों का आरक्षित मूल्य 449 करोड़ रुपए है। इसके अलावा एस.बी.आई. कैप्स 7 जुलाई, 13 जुलाई और 20 जुलाई को 3 अन्य नीलामियों का आयोजन करेगी। वहीं एच.डी.एफ.सी. रियल्टी 4 जुलाई, 15 जुलाई तथा 18 जुलाई को जमीन के टुकड़ों की नीलामी करेगी। दोनों कम्पनियां 21-21 संपत्तियों की नीलामी करेंगे। इन संपत्तियों का कुल आरक्षित मूल्य 4,345 करोड़ रुपए बैठता है।   

 

उच्चतम न्यायालय ने धन की वसूली के लिए सेबी को सहारा की संपत्तियों की नीलामी का निर्देश दिया था। सेबी ने एस.बी.आई. कैपिटल मार्कीट्स तथा एच.डी.एफ.सी. रियल्टी को कुल 61 संपत्तियों की नीलामी को कहा है। एच.डी.एफ.सी. रियल्टी को 31 भूखंडों की नीलामी करनी है जिनका आरक्षित मूल्य 2,400 करोड़ रुपए है। वहीं एस.बी.आई. कैप्स को 30 भूखंड संपत्तियों की नीलामी करनी है जिनका आरक्षित मूल्य 4,100 करोड़ रुपए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News