Gold-Silver rate Drop: सोना-चांदी खरीदने वालों को राहत, MCX पर ₹1,41,230 आया सोने का भाव
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 10:14 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः जुलाई महीने के पहले दिन सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। दोनों कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर सोने का भाव 1301 रुपए की गिरावट के साथ 1,41,230 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। चांदी की कीमत 4166 रुपए गिरी है, एक किलोग्राम चांदी 2,24,397 रुपए पर है। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना-चांदी लुढ़के हैं।
सर्राफा बाजार में सोने की कीमत
घरेलू बाजार में कम मांग के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 800 रुपए घटकर 1.45 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,46,600 रुपए प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 800 रुपए घटकर 1,45,800 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई।
हालांकि, चांदी में जोरदार वापसी हुई और लगातार चार सत्रों की गिरावट का सिलसिला टूट गया। इसकी कीमत 6,000 रुपए बढ़कर 2,30,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,24,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी। विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू बाजार में सोना दबाव में रहा, जबकि हालिया गिरावट के बाद चांदी में कम कीमत पर लिवाली देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,021.15 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 58.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
