RBI Gold Shopping: वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच RBI ने बढ़ाया सोने पर भरोसा, एक साल में खरीदा 57.5 टन सोना

punjabkesari.in Saturday, Apr 26, 2025 - 10:25 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2024-25 में अब तक 57.5 टन सोना खरीदा है, जिससे देश का कुल स्वर्ण भंडार बढ़कर 879.6 टन तक पहुंच गया है। यह खरीदारी पिछले सात वर्षों में दूसरी सबसे बड़ी वार्षिक खरीद मानी जा रही है। RBI की यह पहल देश की विदेशी मुद्रा भंडार को और मजबूत व विविध बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

क्यों बढ़ रही है सोने की खरीदी?

वैश्विक अर्थव्यवस्था में लगातार बढ़ रही अनिश्चितता, अमेरिका में डॉलर की अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनावों के बीच कई देशों के केंद्रीय बैंक अपनी रणनीति में बदलाव कर रहे हैं। भारत भी इसी राह पर है। सोना लंबे समय से एक 'सेफ हेवन' यानी सुरक्षित निवेश माना जाता है और अब RBI इसे अपने भंडार में प्रमुख भूमिका देने की ओर अग्रसर है।

बीते वर्षों में सोने की खरीद

एक रिपोर्ट के अनुसार, 2021-22 में RBI ने रिकॉर्ड 66 टन सोना खरीदा था। इसके बाद 2022-23 में 35 टन और 2023-24 में 27 टन सोने की खरीद की गई थी। मौजूदा वर्ष में अब तक की 57.5 टन की खरीद इस बात का संकेत है कि RBI फिर से बड़े पैमाने पर गोल्ड रिज़र्व पर भरोसा जता रहा है।

विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की रणनीति

विशेषज्ञ मानते हैं कि डॉलर की कीमत में उतार-चढ़ाव और नवंबर 2024 में डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद पैदा हुई आर्थिक अनिश्चितताओं ने सोने की ओर झुकाव को बढ़ावा दिया है। ऐसे में RBI की यह रणनीति भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिरता प्रदान करने में सहायक मानी जा रही है।

कहां रखा गया है भारत का सोना?

भारत का अधिकांश स्वर्ण भंडार अभी भी इंग्लैंड और अन्य कुछ विदेशी बैंकों में संरक्षित है। वर्ष 2024 की पहली तिमाही में भारत उन देशों में शामिल रहा जो सबसे अधिक मात्रा में सोना खरीद रहे थे, जबकि उस दौरान सोने की कीमतें ऊंचाई पर थीं।

दीर्घकालिक सुरक्षा की योजना

RBI की यह नीति केवल आर्थिक स्थिरता ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय लेन-देन की विश्वसनीयता और रुपये की साख को भी मजबूत करती है। विशेषज्ञ इसे एक दीर्घकालिक रणनीति मानते हैं, जिसका उद्देश्य वैश्विक वित्तीय झटकों से देश की अर्थव्यवस्था को सुरक्षित करना है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News