Gold Outlook 2026: सोना 2026 में 20% तक सस्ता? WGC ने बताया क्यों गिरावट टिक नहीं पाएगी

punjabkesari.in Thursday, Dec 04, 2025 - 04:45 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः 2025 सोने के लिए रिकॉर्ड ब्रेकिंग साल साबित हुआ। पूरे वर्ष में इसकी कीमतों में लगभग 53% तक की तेजी आई, जिससे गोल्ड इस साल सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली एसेट क्लास बन गया। World Gold Council (WGC) की नई रिपोर्ट कहती है कि यह तेजी 2026 में भी जारी रह सकती है और सोना अगले साल 15–30% तक और महंगा हो सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ेगा जिनके घर में 2026 में शादी है या जो लोग गहने बनवाने की योजना बना रहे हैं। WGC का दूसरा अनुमान है कि 2026 में सोने की कीमतें 5%-20% तक गिर सकती हैं, जिससे खरीददारों को बड़ी राहत मिल सकती है। 

भारत में सोना सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि परंपरा का हिस्सा है। शादी, त्योहार और बचत—हर चीज़ सोने से जुड़ी होती है, इसलिए कीमतों में बड़ा बदलाव सीधे आम लोगों की जेब पर असर करता है। WGC के अनुसार 2025 में सोना इतने ऊपर इसलिए गया क्योंकि दुनिया में जियोपॉलिटिकल तनाव बढ़ा, अमेरिका–चीन संबंधों में खटास रही, ट्रंप सरकार की टैरिफ नीतियों ने अनिश्चितता बढ़ाई और दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों ने भारी मात्रा में गोल्ड खरीदा। इसके अलावा Gold ETF में भी रिकॉर्ड निवेश आया और 700 टन से ज्यादा सोना खरीदा गया, जिसने कीमतों को और ऊपर धकेला।

WGC का कहना है कि अगर 2026 में वैश्विक तनाव बढ़ता रहा, अमेरिका ब्याज दरें घटाता रहा और निवेशक सुरक्षित विकल्प तलाशते रहे, तो सोना मौजूदा भाव से 15–30% तक और महंगा हो सकता है। इसका मतलब है कि शादी का बजट बढ़ेगा, गहनों की लागत भी बढ़ जाएगी और जो लोग अभी ज्वेलरी बनवाने की सोच रहे हैं, उनके लिए जल्दी खरीदारी करना फायदेमंद साबित हो सकता है।

WGC का दूसरा अनुमान

हालांकि WGC ने एक दूसरा अनुमान भी दिया है। अगर 2026 में अमेरिकी अर्थव्यवस्था तेजी पकड़ लेती है, डॉलर मजबूत हो जाता है और US बॉन्ड यील्ड बढ़ती है, तो सोने की मांग कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में सोने के दाम 5–20% तक नीचे भी आ सकते हैं लेकिन यह गिरावट लंबे समय तक टिकने की संभावना कम है, क्योंकि जैसे ही सोना सस्ता होता है, भारतीय उपभोक्ता और एशियाई बाजार भारी खरीदारी शुरू कर देते हैं और कीमतें फिर ऊपर लौट आती हैं।

2026 में सोने में जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

WGC का कहना है कि 2026 में सोना ऊपर भी जाएगा और नीचे भी यानी उतार-चढ़ाव काफी रहेगा। इसलिए खरीदारी एक बार में करने के बजाय किस्तों में करना ज्यादा समझदारी होगी—न शादी का बजट बिगड़ेगा और न निवेश का जोखिम बढ़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News