हाई CIBIL स्कोर होने पर भी क्यों रिजेक्ट हो जाता है आपका पर्सनल लोन? जानें 3 सबसे अहम कारण

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 06:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: शादी-विवाह, मेडिकल इमरजेंसी या शिक्षा जैसे मौकों पर लोगों को अक्सर अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में अधिकांश लोग अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंक से पर्सनल लोन लेने का विकल्प चुनते हैं। हालांकि बैंक कई तरह के लोन प्रदान करते हैं, लेकिन पर्सनल लोन अपनी सुविधा और त्वरित प्रक्रिया के कारण सबसे अधिक पसंद किया जाता है।

अगर आप भी पर्सनल लोन लेने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ सिबिल स्कोर पर निर्भर न रहें। लोन को मंजूरी मिलने के लिए कुछ अन्य महत्वपूर्ण कारक भी मायने रखते हैं। सिबिल स्कोर अच्छा होने के बावजूद, अगर आप अन्य मानकों पर खरे नहीं उतरते, तो लोन रिजेक्ट हो सकता है।

1. फिक्स मंथली इनकम
किसी भी बैंक के लिए यह सबसे अहम शर्त होती है। बैंक यह सुनिश्चित करता है कि आपकी मासिक आय स्थिर (फिक्स) हो, ताकि आप समय पर ईएमआई चुका सकें। नौकरीपेशा लोगों को, जिनकी सैलरी तय होती है, लोन मिलने की संभावना अधिक रहती है। वहीं, जिनकी आय अनियमित है, उन्हें लोन देने में बैंक झिझक दिखाता है। व्यापारियों को लोन के लिए अपनी मासिक आमदनी का प्रमाण देना जरूरी होता है। यदि आप किसी बड़ी कंपनी में कार्यरत हैं, तो आपका लोन आसानी से पास हो सकता है।

2. उम्र का असर
आपकी उम्र भी लोन अप्रूवल में अहम भूमिका निभाती है। बैंक आमतौर पर युवा आवेदकों को लोन देने में अधिक रुचि दिखाती हैं, क्योंकि उनके पास स्थिर आय के स्रोत और लंबा कार्यकाल होता है। वहीं, अधिक उम्र वाले लोगों को बैंक जोखिम मानते हुए लोन देने से बचती हैं।

3. पिछला कर्ज
यदि आपने पहले से कोई लोन लिया हुआ है और आपकी आय का बड़ा हिस्सा उसकी ईएमआई चुकाने में जा रहा है, तो बैंक आपको नया लोन देने से परहेज कर सकता है। बैंक यह सुनिश्चित करना चाहता है कि आपकी वित्तीय स्थिति इतनी मजबूत हो कि आप नया कर्ज बिना किसी जोखिम के चुका सकें।

विशेषज्ञों का मानना है कि पर्सनल लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपने सिबिल स्कोर, मासिक आय, उम्र और वित्तीय जिम्मेदारियों की समीक्षा करना बेहद जरूरी है। इससे लोन अप्रूवल की संभावना काफी बढ़ जाती है और किसी भी तरह की दिक्कत से बचा जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News