अब भारत भरेगा दुनिया का पेट, इस साल होगा गेहूं का रिकॉर्ड निर्यात

punjabkesari.in Tuesday, Mar 29, 2022 - 05:56 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण दुनियाभर में गेहूं की कीमतें रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंच गई हैं। भारत के पास गेहूं के बफर स्‍टॉक होने की खबरों से इन कीमतों पर लगाम लगी है। भारत के पास फिलहाल 12 मिलियन टन निर्यात लायक गेहूं का स्‍टॉक है। इस साल भारत दुनिया के उन देशों को गेहूं निर्यात करेगा, जो पहले रूस और यूक्रेन से गेहूं लेते थे। इन देशों में दुनिया का सबसे बड़ा गेहूं आयातक मिस्र भी शामिल है।

दुनियाभर के खाद्य वस्‍तुओं पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में विश्‍वभर में रूस-यूक्रेन युद्ध, अकाल और मांग बढ़ने के कारण भारी बढ़ोतरी हुई है। शिकागो में बेंचमार्क गेहूं के भाव $13.635 प्रति बुशेल के उच्‍चतम स्‍तर को पिछले महीने ही छू चुके हैं। भारत के गेहूं निर्यात करने से विश्‍व बाजार में गेहूं की सप्‍लाई बढ़ेगी। इस खबर से कीमतों में बढ़ौतरी रुकी है।

भारत चीन के बाद दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्‍पादक है। ब्‍लूमबर्ग सर्वे के अनुसार वर्ष 2022-23 में भारत के पास निर्यात करने लायक 12 मिलियन टन गेहूं है। अमरीकी कृषि विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 में भारत ने 8.5 मिलियन टन गेहूं का निर्यात किया था। सप्‍लाई कम होने और गेहूं की कीमतें बढ़ने के साथ ही बहुत से देश पहली बार भारत से गेहूं का आयात करेंगे। पिछले पांच फसली सीजन से भारत में रिकॉर्ड गेहूं उत्‍पादन हो रहा है। इस कारण भारत के पास गेहूं का पर्याप्‍त अतिरिक्‍त भंडार है जिसका वह निर्यात कर सकता है। इस बार का गेहूं कटाई सीजन भी अब शुरू हो गया है। इस बार भी रिकॉर्ड उत्‍पादन का अनुमान लगाया जा रहा है।

गेहूं निर्यात को लेकर भारत की गेहूं के सबसे बड़े आयातक मिस्र के साथ बातचीत लगभग फाइनल हो चुकी है। इसके अलावा चीन, तुर्की, बोसनिया, सूडान, नाइजीरिया और ईरान भी गेहूं लेने के लिए भारत के साथ बातचीत कर रहे हैं। पिछले दस महीनों में ही भारत के गेहूं निर्यात में चार गुणा बढ़ोतरी हुई है। बदली हुई वैश्विक परिस्थितियों में भारत को बांग्‍लादेश जैसे पड़ोसी देशों के अलावा अब अफ्रीका और मिडल ईस्‍ट रीजन में भी निर्यात गेहूं निर्यात के मौके मिलेंगे।

भारत देगा दुनिया को राहत
एक रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर स्थित अनाज की बड़ी आयात-निर्यात फर्म एग्रीकूप इंटरनेशनल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्‍टर विजय अयंगर का कहना है कि भारत के गेहूं निर्यात करने से अंतरराष्‍ट्रीय मार्केट में गेहूं की सप्‍लाई कुछ सामान्‍य होगी। फिलहाल सप्‍लाई बहुत कम है। अयंगर का कहना है कि भारत के गेहूं निर्यात करने की संभावनाओं ने ही कीमतों पर कुछ लगाम लगाई है। अगर भारत गेहूं निर्यात नहीं करता तो गेहूं की कीमतों में भारी उछाल आता।

अयंगर का कहना है कि अब हालात यह है कि हर गेहूं आयातक देश भारत से गेहूं लेने पर विचार कर रहा है। अयंगर ने ये भी कहा कि भारतीय गेहूं को लेकर जितना उत्‍साह इस बार देखा जा रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News