भारी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1145 अंक लुढ़का

punjabkesari.in Monday, Feb 22, 2021 - 03:39 PM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना के बढ़ते मामलों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसके चलते शेयर बाजार में सोमवार को लगातार पाचवें दिन गिरावट है। सेंसेक्स 1,145.44 अंकों की भारी गिरावट के साथ 49,744.32 अंक और निफ्टी 306.05 अंकों की गिरावट के साथ 14,675.70 अंक पर बंद हुआ।

दोपहर बाद ढाई बजे सेंसेक्स 1100 अंकों की गिरावट के साथ 49720 पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 14700 अंक से नीचे खिसक गया। सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और डॉ. रेड्डीज के शेयरों में 4 फीसदी तक की गिरावट आई। निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्सेज की बात करें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स को छोड़कर बाकी सभी गिरावट पर चल रहे हैं। ब्रॉडर मार्केट्स में बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.7 फीसदी और 0.4 फीसदी की गिरावट पर हैं।

सुबह का सत्र
इससे पहले वैश्विक बाजारों के नरम संकेतों के बीच बड़ी कंपनियों के शेयर गिरने से सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से अधिक लुढ़क गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स एक समय गिरकर 50,685.42 अंक पर आ गया। हालांकि बाद में इसने कुछ नुकसान की भरपाई की और 65.13 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,824.63 अंक पर चल रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 8.40 अंक यानी 0.06 प्रतिशत नीचे 14,973.35 अंक पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की कंपनियों में एलएंडटी में दो फीसदी के आसपास गिरावट रही। इसके बाद एमएंडएम, डॉ रेड्डीज, मारुति, एचडीएफसी, टीसीएस और बजाज ऑटो जैसी कंपनियों में भी गिरावट रही। दूसरी ओर, ओएनजीसी, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयर लाभ में रहे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 434.93 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,889.76 अंक पर और निफ्टी 137.20 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,981.75 अंक पर बंद हुआ था।

विदेशी बाजारों का हाल
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार रहे। उन्होंने शुक्रवार को 118.75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त में थे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की गिरावट में थे। इस बीच, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.06 फीसदी बढ़कर 62.80 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News