जेतली का वादा, GST दरें ''हैरान'' करने वाली नहीं होंगी

punjabkesari.in Friday, Apr 28, 2017 - 01:38 PM (IST)

नई दिल्लीः वित्त मंत्री अरुण जेतली ने आज वादा किया कि नई वस्तु एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) व्यवस्था में कर की दरें तय करते समय किसी तरह का हैरान करने वाला फैसला नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर दरें मौजूदा स्तर से ‘उल्लेखनीय रूप से अलग’ नहीं होंगी।   

हालांकि, वित्त मंत्री ने कहा कि कंपनियों को जी.एस.टी. के तहत करों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को स्थानांतरित करना चाहिए। जी.एस.टी. से केंद्रीय और राज्य शुल्कों का मौजूदा प्रभाव समाप्त हो सकेगा। वित्त मंत्री जेतली की अगुवाई वाली जी.एस.टी. परिषद की 18-19 मई को श्रीनगर में बैठक होने जा रही है जिसमें विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं पर कर की दरों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे पहले कम से कम 10 अप्रत्यक्ष करों का एकीकरण जी.एस.टी. में किया जाएगा।  

भारतीय उद्योग परिसंघ (सी.आई.आई.) की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए जेतली ने कहा कि जी.एस.टी. के संचालन के लिए सभी नियम और नियमन तैयार हो गए हैं। ‘‘अब हम विभिन्न जिंसों के लिए दरेंं तय करने के अंतिम चरण में हैं।’’ वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘यह कार्य जिस फार्मूला के तहत किया जा रहा है उसके बारे में भी बताया जा चुका है। एेसे में किसी को हैरान होने की जरूरत नहीं होगी। यह मौजूदा से बहुत अलग नहीं होगा।’’  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News