4000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी पर संकट, Jack Dorsey की कंपनी Block ने क्यों उठाया बड़ा कदम
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 01:58 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः ट्विटर के को-फाउंडर Jack Dorsey की कंपनी Block Inc. ने बड़े पैमाने पर छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी 4,000 से ज्यादा टेक प्रोफेशनल्स की नौकरी खत्म करने जा रही है, जो कुल वर्कफोर्स का लगभग आधा हिस्सा बताया जा रहा है।
डोर्सी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स ने कंपनी बनाने और चलाने के तरीके को बदल दिया है। उनके मुताबिक, अब छोटी टीमें भी AI की मदद से ज्यादा कुशल और प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं।
AI युग में बड़ा कदम
डोर्सी ने कहा कि कंपनी का बिजनेस मजबूत स्थिति में है—ग्रॉस प्रॉफिट बढ़ रहा है, ग्राहकों की संख्या में इजाफा हो रहा है और मुनाफा भी बेहतर हुआ है लेकिन AI आधारित “इंटेलिजेंस टूल्स” के कारण संगठनात्मक ढांचे को सरल और चुस्त बनाने की जरूरत महसूस हुई।
उन्होंने इसे कंपनी के इतिहास का “सबसे कठिन फैसला” बताया और कहा कि यह कदम किसी वित्तीय संकट की वजह से नहीं उठाया गया है, बल्कि भविष्य की कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
कर्मचारियों को क्या मिलेगा?
छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को 20 हफ्तों की सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा, कंपनी में जितने साल काम किया है, हर साल के लिए एक हफ्ते की अतिरिक्त सैलरी भी मिलेगी। कर्मचारियों को छह महीने की हेल्थ केयर सुविधा, कंपनी के दिए गए डिवाइस और 5,000 डॉलर की अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।
कंपनी की पृष्ठभूमि
Block की शुरुआत 2009 में ‘Square’ नाम से हुई थी। साल 2021 में इसका नाम बदलकर Block रखा गया, ताकि ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर कंपनी के बढ़ते फोकस को दर्शाया जा सके। कंपनी के मुताबिक, इस रीस्ट्रक्चरिंग पर 450 से 500 मिलियन डॉलर का खर्च आएगा। 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी ने 65 सेंट प्रति शेयर का एडजस्टेड प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल इसी अवधि के 47 सेंट से ज्यादा है।
