अप्रत्यक्ष कर संग्रह अप्रैल-फरवरी में 22%, प्रत्यक्ष कर में 10.7% वृद्धि

punjabkesari.in Friday, Mar 10, 2017 - 04:10 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार का अप्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से फरवरी के दौरान 22.2 प्रतिशत बढ़ गया जबकि प्रत्यक्ष कर संग्रह में 10.7 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।   कुल प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर संग्रह फरवरी अंत में 13.89 लाख करोड़ रुपए रहा जो 2016-17 के कुल बजट अनुमान 16.99 लाख करोड़ रुपए का 81.5 प्रतिशत है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से फरवरी की अवधि में कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह 6.17 लाख करोड़ रुपए तथा अप्रत्यक्ष कर संग्रह 7.72 लाख करोड़ रुपए रहा। व्यक्तिगत आयकर तथा उत्पाद शुल्क संग्रह में अच्छी वृद्धि से कुल कर संग्रह बढ़ा है।

उत्पाद शुल्क संग्रह पहले 11 महीनों (अप्रैल 2016 से फरवरी 2017) में 36.2 प्रतिशत बढ़कर 3.45 लाख करोड़ रुपए रहा। सेवा कर संग्रह 20.8 प्रतिशत बढ़कर 2.21 लाख करोड़ रुपए जबकि सीमा शुल्क संग्रह 5.2 प्रतिशत बढ़कर 2.05 लाख करोड़ रुपए रहा।  प्रत्यक्ष कर में कंपनी कर तथा व्यक्तिगत आयकर आते हैं जबकि अप्रत्यक्ष कर के अंतर्गत उत्पाद शुल्क, सेवा कर और सीमा शुल्क को रखा जाता है।

सकल कंपनी आय कर (सीआईटी) चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-फरवरी के दौरान 11.9 प्रतिशत जबकि व्यक्तिगत आयकर संग्रह 20.8 प्रतिशत बढ़ा। हालांकि, रिफंड समायोजित करने के बाद कंपनी आयकर संग्रह 2.6 प्रतिशत जबकि व्यक्तिगत आयकर संग्रह में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। आलोच्य अवधि में 1.48 लाख करोड़ रुपए से अधिक रिफंड किया गया जो एक वर्ष पूर्व अप्रैल-फरवरी के मुकाबले 40.2 प्रतिशत अधिक है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News