UPI लेनदेन में रिकॉर्ड 56% वृद्धि, 100 अरब के पार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2024 - 11:21 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत में डिजिटल तेजी के बीच वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान पिछले साल की तुलना में यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) से लेनदेन में संख्या के हिसाब से रिकॉर्ड 56 फीसदी और मूल्य के हिसाब से 43 फीसदी वृद्धि हुई है। यह पहला मौका है जब यूपीआई से लेनदेन वित्त वर्ष के दौरान 100 अरब के पार गया है और 131 अरब पर पहुंच गया है, जबकि 2022-23 में यह 84 अरब था।

मार्च 2024 में भी लेनदेन में संख्या के हिसाब से 55 फीसदी वृद्धि हुई और मार्च 2023 की तुलना में यह 13.44 अरब हो गया, जबकि मूल्य के हिसाब से 40 फीसदी वृद्धि हुई और यह 19.78 लाख करोड़ रुपए हो गया।

वित्त वर्ष 24 के दौरान मूल्य के हिसाब से भी लेनदेन 199.89 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि पिछले साल 139.1 लाख करोड़ रुपए था। फरवरी 2024 में लेनदेन क्रमशः 12.10 अरब और 18.28 लाख करोड़ रुपए था। जनवरी 2024 में यह संख्या व मूल्य के हिसाब से क्रमशः 12.20 अरब और 18.41 लाख करोड़ रुपए था।

वर्ल्डलाइन इंडिया में सीनियर वाइस प्रेसीडेंट सुनील रोंगाला ने यूपीआई लेनदेन के बारे में कहा, ‘वित्त वर्ष 2024 में यूपीआई से लेनदेन में मजबूत वृद्धि हुई है। यूपीआई की पहुंच बढ़ने के साथ इससे लेनदेन का औसत आकार (एटीएस) छोटा हुआ है, जिसका मतलब हुआ कि छोटे लेनदेन बढ़े हैं। मार्च 2024 में एटीएस 1,471 रुपए रहा है, जो मार्च 2023 में 1,623 रुपए था।’

वहीं दूसरी तरफ, मार्च 2024 में इमीडिएट पेमेंट सर्विस (आईएमपीएस) से लेनदेन में संख्या के हिसाब से 17 फीसदी वृद्धि हुई है और यह 58.1 करोड़ हो गया है। मूल्य के हिसाब 16 फीसदी वृद्धि हुई है और यह 6.35 लाख करोड़ रुपए रहा है। पूरे वित्त वर्ष के दौरान यह 9 फीसदी बढ़कर 599.9 करोड़ हो गया है जो 2022-23 में 551.0 करोड़ था।

वहीं मूल्य के हिसाब से आईएमपीएस से लेनदेन 17 फीसदी बढ़कर 64.93 लाख करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले 55.42 लाख करोड़ रुपए था। फरवरी 2024 में संख्या 53.5 करोड़ और मूल्य 5.68 लाख करोड़ रुपए रहा, जो जनवरी 2024 के 50.9 करोड़ और 5.66 लाख करोड़ रुपए की तुलना में अधिक है।

फास्टैग से लेनदेन संख्या के हिसाब से 11 फीसदी बढ़कर 33.9 करोड़ और मूल्य के हिसाब से 17 फीसदी बढ़कर 5,939 करोड़ रुपए हो गया है। यह फरवरी 2024 में संख्या के हिसाब से 32.3 करोड़ और मूल्य के हिसाब से 5,582 करोड़ रुपए था, जो जनवरी 2023 में क्रमशः 33.1 करोड़ और 5,560 करोड़ रुपए था।

मार्च 2024 में आधार सक्षम भुगतान व्यवस्था (एईपीएस) में 1 फीसदी की कमी आई है और कुल लेनदेन 10.8 करोड़ रह गया है। मूल्य के हिसाब से भी इसमें 8 फीसदी कमी आई है और यह 27,996 करोड़ रुपए रह गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News