हर 33वें दिन एक भारतीय बन रहा अरबपति, ये हैं भारत के टॉप 5 अरबपति

punjabkesari.in Saturday, Apr 29, 2017 - 02:55 PM (IST)

नई दिल्लीः अब तक भारत के अमीरों में टाटा-बिड़ला ही का नाम लिया जाता रहा है, लेकिन बीते कुछ सालों में बड़ा परिवर्तन आया है। इस बदलाव में यह देखने को मिला है कि भारत में लोग अपने दम पर अरबपति बनने में कामयाबी हासिल कर रहे हैं। फोर्ब्स की अरबपतियों से जुड़ी सूची का एनालिसिस सामने आया है। इसके मुताबिक साल 2010 से अबतक देश में हर 33 दिन बाद एक अरबपति बना है। ये एनालिसिस मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म अहमदॉफ एंड कंपनी ने किया है, जिसके आधार पर फोर्ब्स ने इन अमीरों की लिस्ट तैयार की है।

70 लोग अपने दम पर बने अरबपति
हैरान करने वाली बात है कि भारतीयों में 100 में से 70 ऐसे लोग हैं जो अपने दम पर अरबपति बने हैं। वहीं 30 अपनी पारिवारिक संपत्ति की मदद से इस मुकाम को हासिल कर पाए हैं। इस बड़े बदलाव की वजह से भारत की अर्थव्यवस्था में मजबूती के आसार बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारत की जी.डी.पी. पिछले 10 सालों में दोगुनी हुई है।

सिर्फ 4 महिलाएं बनी अरबपति
लिस्ट में महिलाओं की संख्या काफी कम है। 4 महिलाएं ऐसी हैं जो अरबपति बन पाई हैं। इनमें से तीन अपनी पारिवारिक संपत्ति और एक अपने दम पर अरबपति बन पाई हैं। बॉयोकॉन कंपनी की एम.डी. किरण मजूमदार शॉ इकलौती महिला हैं, जिन्होंने अरबपति बनने की दौड़ में अपना दम दिखाया है।

ये हैं भारत के टॉप 5 अरबपति
अरबपतियों की लिस्ट में रिलायंस ग्रुप के मालिक मुकेश अंबानी 23.2 अरब डॉलर के साथ टॉप पर हैं। फिर लक्ष्मी मित्तल (16.4) हिंदुजा फैमिली (15.4), अजीम प्रेमजी (14.9) और पालोनजी मिस्त्री (14.9) के साथ टॉप 5 में हैं। हेल्थ और फार्मेसी इंडस्ट्री ने पिछले सात साल में भारत को सबसे ज्यादा अरबपति दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News