रूस से तेल खरीदने पर भारत को झटका, यूक्रेन ने 1 अक्टूबर से डीजल खरीद पर लगाई रोक

punjabkesari.in Monday, Sep 15, 2025 - 06:34 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः यूक्रेन ने घोषणा की है कि वह 1 अक्टूबर से भारत से आने वाले डीजल पर रोक लगाएगा। यूक्रेन की ऊर्जा कंसल्टेंसी एनकॉर (Enkorr) ने बताया कि भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदता है और इसी वजह से यह कदम उठाया जा रहा है।

क्यों पड़ी रोक लगाने की ज़रूरत?

यूक्रेन की एक बड़ी रिफाइनरी गर्मियों में खराब हो गई थी, जिसके चलते व्यापारियों और यहां तक कि रक्षा मंत्रालय को भी भारत से डीजल खरीदना पड़ा। भारत से खरीदा गया डीजल पुराने सोवियत मानकों पर खरा उतरता है। इस बीच रूस लगातार यूक्रेन की रिफाइनरियों और ईंधन स्टोरेज पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है।

हर खेप की होगी जांच

एनकॉर ने कहा कि अब भारत से आने वाले हर डीजल कंसाइनमेंट की लैब में जांच होगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें रूसी तेल तो शामिल नहीं है। एनकॉर ने बताया कि अगस्त 2025 में यूक्रेन ने भारत से 1.19 लाख टन डीजल खरीदा था, जो उसके कुल आयात का 18% था।

पहले कहां से खरीदता था यूक्रेन?

2022 से पहले यूक्रेन ज्यादातर डीजल रूस और बेलारूस से खरीदता था। युद्ध शुरू होने के बाद उसने यूरोपीय देशों से डीजल लेना शुरू किया। हालांकि इस साल के पहले छह महीनों में उसका डीजल आयात 13% घटकर 2.74 मिलियन टन रह गया है।

भारत क्यों खरीद रहा रूसी तेल?

भारत रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है क्योंकि यह मध्य पूर्व की तुलना में काफी सस्ता है। रूस का यूराल क्रूड तेल ब्रेंट क्रूड से 5-6 डॉलर प्रति बैरल सस्ता मिल रहा है। रूस अपने तेल को डिस्काउंट पर बेच रहा है और भारतीय रिफाइनरियां इसका फायदा उठा रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News