5 साल में 150 अरब डॉलर पर पहुंच सकता है भारत, अफ्रीका व्यापार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 27, 2018 - 07:24 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत ने आज उम्मीद जताई कि अफ्रीका के साथ उसका द्विपक्षीय कारोबार अगले 5 साल में 150 अरब डॉलर पर पहुंच सकता है। यह फिलहाल 52 अरब डॉलर है। 

वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सी.आर.चौधरी ने कहा कि दोनों के बीच मौजूदा व्यापार उनकी क्षमता से काफी कम है। उन्होंने दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार को गति देने के लिए शुल्क मुक्त शुल्क तरजीह (डीएफटीपी) योजना का समुचित रूप से उपयोग करने को कहा है। योजना के तहत कम विकसित देशों (एलडीसी) से भारत में आयातित लगभग सभी उत्पादों पर न्यूनतम या शून्य शुल्क लगता है। 

मंत्री ने सीआईआई- एक्जिम बैंक सम्मेलन में कहा, "मुझे भरोसा है कि भारत- अफ्रीका द्विपक्षीय व्यापार अगले 5 साल में 150 अरब डॉलर पर पहुंच सकता है। अगर अफ्रीका के कम- विकसित- देश डीएफटीपी का पूर्ण रूप से उपयोग करते हैं तो व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।" उन्होंने कहा कि मूल्य वद्र्धन और लक्षित संवद्र्धन रणनीति के जरिए अफ्रीकी निर्यात बढ़ाया जा सकता है।

मंत्री ने यह भी कहा कि अफ्रीकी क्षेत्र में बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, आईटी तथा कृषि जैसे क्षेत्रों में निवेश के काफी अवसर हैं। वाणिज्य सचिव रीता तेवतिया ने व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अफ्रीकी कंपनियों को योजना का बड़े पैमाने पर उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक्जिम( निर्यात- आयात) बैंक ने इस साल फरवरी तक 40 अफ्रीकी देशों को 10 अरब डालर की ऋण सुविधा उपलब्ध कराई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News