UPI यूजर्स के लिए जरूरी खबर, इन 7 तरह के पेमेंट पर नहीं लगेगा MDR
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 05:34 PM (IST)
नई दिल्लीः UPI पर MDR लागू होने की खबर आते ही लोगों के मन में कई सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किन UPI पेमेंट पर MDR लगेगा और किन पर नहीं। प्रस्तावित नए फ्रेमवर्क के तहत 15 अक्टूबर 2026 से चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर MDR लागू होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर UPI पेमेंट पर ग्राहक को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
आम लोगों के लिए कई तरह के UPI ट्रांजैक्शन पहले की तरह शुल्क-मुक्त रहेंगे। ऐसे ही 7 प्रमुख ट्रांजैक्शन हैं, जिन पर MDR लागू नहीं होगा।
1. दोस्त या रिश्तेदार को पैसे भेजना
अगर आप UPI के जरिए किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिवार के सदस्य के बैंक खाते में पैसे भेजते हैं, तो यह P2P यानी Person-to-Person ट्रांजैक्शन होता है। ऐसे भुगतान पर MDR नहीं लगेगा। इसी तरह किसी दूसरे व्यक्ति से अपने बैंक खाते में UPI के जरिए पैसा प्राप्त करने पर भी ग्राहक से MDR नहीं लिया जाएगा।
2. छोटे दुकानदारों के QR पेमेंट
छोटी दुकान, रेहड़ी-पटरी या अन्य छोटे कारोबारियों को भी राहत मिलेगी। P2PM कैटेगरी में आने वाले ऐसे मर्चेंट, जिन्हें एक महीने में UPI QR के जरिए ₹1 लाख तक का भुगतान मिलता है, उनके ट्रांजैक्शन पर जीरो MDR लागू रहेगा।
3. ₹2,000 तक की खरीदारी
किसी दुकान या मर्चेंट को UPI से ₹2,000 तक का भुगतान करने पर MDR नहीं लगेगा यानी रोजमर्रा की छोटी खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर इस शुल्क का सीधा असर नहीं पड़ेगा।
4. ₹2,000 से ज्यादा की खरीदारी
₹2,000 से अधिक के UPI भुगतान पर भी ग्राहक से सीधे MDR वसूलने का प्रावधान नहीं है। कुछ सामान्य मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर निर्धारित सीमा से ऊपर MDR लागू हो सकता है लेकिन यह शुल्क मर्चेंट की तरफ से दिया जाना है।
5. UPI AutoPay
सब्सक्रिप्शन, बिल और अन्य नियमित भुगतानों के लिए इस्तेमाल होने वाले UPI AutoPay पर भी ग्राहक से MDR नहीं लिया जाएगा। ऐसे ऑटोमेटिक भुगतान पहले की तरह किए जा सकेंगे।
6. जरूरी सेवाओं के छोटे भुगतान
रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस, पेट्रोल-डीजल और कृषि इनपुट जैसे क्षेत्रों में ₹2,000 तक के UPI भुगतान पर MDR नहीं लगेगा। इससे इन जरूरी सेवाओं के छोटे भुगतान करने वाले ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
7. व्यक्ति के बैंक खाते में सामान्य UPI ट्रांसफर
अपने या किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में सामान्य UPI ट्रांसफर पर भी MDR लागू नहीं होगा यानी व्यक्तिगत स्तर पर पैसे भेजने और प्राप्त करने के लिए UPI का इस्तेमाल शुल्क-मुक्त रहेगा।
