Banks Open on Sunday: बैंक ग्राहकों के लिए अहम खबर, रविवार को खुले रहेंगे बैंक, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 01:46 PM (IST)
नई दिल्लीः बैंक ग्राहकों के लिए अहम खबर है। वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 27 सितंबर 2026 यानि रविवार को देशभर में सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य दिनों की तरह काम करेंगे। रिजर्व बैंक ने इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की अनुमति दी है।
सरकार का यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर लिया गया है।
लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने का था खतरा
हड़ताल से ठीक पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। ऐसे में सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया है, ताकि लोगों की जरूरी बैंकिंग जरूरतें प्रभावित न हों।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। साथ ही जरूरी बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
RBI ने शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की दी मंजूरी
वित्त मंत्रालय ने कहा कि जनता की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए रविवार को बैंकिंग सेवाएं जारी रखी जाएंगी। इसके तहत RBI ने सभी संबंधित बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है।
सरकार ने बैंक यूनियनों से की हड़ताल टालने की अपील
सरकार ने बैंक ग्राहकों की सुविधा और जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता बताते हुए बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील की है। मंत्रालय के मुताबिक, बैंकिंग सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
क्या है UFBU?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े नौ प्रमुख ट्रेड यूनियनों का संयुक्त मंच है। यह मंच वेतन, काम के घंटे, पेंशन और कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत करता है। मांगों पर सहमति नहीं बनने की स्थिति में UFBU की ओर से हड़ताल का आह्वान किया जाता है।

