HDFC Bank Cut MCLR: होम लोन ग्राहकों को मिल सकती है EMI में राहत, HDFC बैंक ने ब्याज दरों में की कटौती
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 03:15 PM (IST)
नई दिल्लीः अगर आपका होम लोन HDFC Bank के MCLR से जुड़ा है, तो आपके लिए राहत की खबर है। बैंक ने 7 अक्टूबर 2026 से सभी अवधि की MCLR में 5 से 15 बेसिस पॉइंट तक की कटौती की है। इसके बाद MCLR से जुड़े कुछ लोन की ब्याज दर और EMI कम हो सकती है।
हालांकि, MCLR में कटौती का फायदा हर ग्राहक को तुरंत नहीं मिलेगा। इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि आपका लोन किस बेंचमार्क से जुड़ा है और उसकी ब्याज दर की अगली रीसेट डेट कब है।
कितनी घटाई MCLR?
बैंक ने ओवरनाइट एमसीएलआर को 7.90% से घटाकर 7.80% किया है। इसमें 10 आधार अंकों की कमी हुई है। 1 महीने की एमसीएलआर में सबसे ज्यादा 0.15 आधार अंक की कटौती की गई है। यह अब 7.75% हो गई है। 3 महीने की एमसीएलआर भी 10 आधार अंक घटकर 7.95% रह गई है। इसी तरह 6 महीने की एमसीएलआर 8.25% से घटकर 8.15% और 1 साल की एमसीएलआर 8.35% से घटकर 8.30% हो गई है। 2 साल की एमसीएलआर अब 8.40% और 3 साल की एमसीएलआर 8.55% है। दोनों में 5 आधार अंकों की कटौती हुई है।
क्या तुरंत कम हो जाएगी Home Loan EMI?
एमसीएलआर में कटौती का मतलब यह नहीं है कि हर होम लोन ग्राहक की EMI तुरंत कम हो जाएगी। इसका फायदा मुख्य रूप से उन ग्राहकों को मिलेगा जिनका लोन MCLR से लिंक है और जिनकी ब्याज दर की रीसेट डेट आ चुकी है।
अगर आपका होम लोन किसी दूसरे बेंचमार्क, जैसे रेपो रेट, से जुड़ा है, तो HDFC Bank की MCLR कटौती का सीधा असर आपकी ब्याज दर या EMI पर जरूरी नहीं होगा।
इसलिए EMI में संभावित राहत जानने के लिए ग्राहक को अपने लोन एग्रीमेंट में लागू बेंचमार्क और अगली रीसेट डेट जरूर देखनी चाहिए।
