जुलाई में GST कलेक्शन ने तोड़े रिकॉर्ड

punjabkesari.in Monday, Aug 02, 2021 - 10:53 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः जुलाई 2021 केंद्र सरकार की टैक्स संबंधी आमदनी के लिहाज से बेहतरीन महीना रहा है। केंद्र की मोदी सरकार के खजाने में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स से जुलाई 2021 में 1,16,393 करोड़ रुपए आए हैं। अगर पिछले साल के जुलाई महीने से तुलना करें तो जी.एस.टी. कलैक्शन में 33 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसमें स्टेट जी.एस.टी. के रूप में 28541 करोड़, सैंट्रल जी.एस.टी. 22,897 करोड़ और आई.जी.एस.टी. के मद में 57,864 करोड़ रुपए शामिल है। जी.एस.टी. में सेस की मदद से जुलाई में केंद्र सरकार को 7790 करोड़ रुपए मिले हैं जिसमें 815 करोड रुपए आयातित सामान पर लगने वाले सेस से प्राप्त हुए हैं।
जी.एस.टी. का यह कलैक्शन जुलाई के महीने में जी.एस.टी.आर. 3b फाइलिंग के जरिए हुआ है। जुलाई महीने में आयातित सामान पर वसूले गए आई.जी.एस.टी. और सेस को भी इस कलैक्शन में शामिल किया गया है।

किस राज्य की जी.एस.टी में कितनी हिस्सेदारी? 
अगर जुलाई में राज्यों से मिले जी.एस.टी की हिस्सेदारी से बात करें तो महाराष्ट्र मामले में देश में अव्वल रहा है। महाराष्ट्र ने जुलाई में केंद्र सरकार को 18,900 करोड़ रुपए का जी.एस.टी. दिया है। पिछले साल के जुलाई की तुलना में महाराष्ट्र के जी.एस.टी. कलैक्शन में 51 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके बाद तमिलनाडु ने पिछले साल की तुलना में 36 फ़ीसदी अधिक 6300 करोड़ रुपए का जी.एस.टी. कलैक्शन दिया है। गुजरात की हिस्सेदारी 7630 करोड़ के करीब रही है, जबकि उत्तर प्रदेश ने जी.एस.टी. कलैक्शन में 6011 करोड़ रुपए का योगदान किया है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना जैसे राज्यों की हिस्सेदारी भी जी.एस.टी. कलैक्शन में ठीक ठाक रही है।

सबसे कम हिस्सेदारी वाले राज्य 
अगर बात राज्यों के हिसाब से जी.एस.टी. कलैक्शन की करें तो सबसे कम हिस्सेदारी लक्षद्वीप जैसे राज्य की रही है। लक्षद्वीप ने जुलाई 2021 में जी.एस.टी. कलेक्शन में सिर्फ एक करोड़ रुपए का योगदान किया है। उसके बाद अंडमान एंड निकोबार द्वीप समूह ने ₹19 करोड़, लद्दाख ने ₹13 करोड़, मिजोरम ने ₹21 करोड़, नगालैंड ने ₹28 करोड़ और मणिपुर ने ₹37 करोड़ योगदान किया है। दमन और दीव ने जुलाई 2021 में जी.एस.टी. में 0 योगदान किया है। 

जून में जी.एस.टी. कलैक्शन 
लगातार आठ महीने तक जी.एस.टी. कलैक्शन एक लाख करोड़ के पार रहा था लेकिन जून के महीने में यह एक लाख करोड़ के नीचे फिसल गया था। जून 2021 में जी.एस.टी. कलैक्शन 92,849 करोड़ रुपए रहा था। इसमें सैंट्रल जी.एस.टी. से 16,424 करोड़, स्टेट जी.एस.टी. से 20,397 करोड़ और आई.जी.एस.टी. से 49,079 करोड़ रुपए शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News