Gold hits 7 week high: सोने में जबरदस्त उछाल, सात सप्ताह के हाई पर पहुंची कीमतें, जान लें तेजी के पीछे क्या है कारण?
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 01:41 PM (IST)
Gold hits 7 week high: वैश्विक अनिश्चितताओं और सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की बढ़ती मांग के बीच गुरुवार को सोने की कीमतें सात सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गईं। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट से सोने को मजबूती मिली, हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेत दिए।
MCX पर सोना-चांदी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 536 रुपए या 0.36% की बढ़त के साथ 1,49,029 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,49,700 रुपए के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 1,207 रुपए या 0.81% अधिक था।
वहीं, सितंबर डिलीवरी वाली चांदी शुरुआती कारोबार में 2,28,397 रुपए प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर तक पहुंची। हालांकि बाद में मुनाफावसूली के चलते इसमें कुछ नरमी आई और यह 2,26,580 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।
COMEX पर सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.36% बढ़कर 4,320 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.12% की बढ़त के साथ 62.36 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते तथा हॉर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने की संभावना से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है। इससे महंगाई और अमेरिकी मौद्रिक सख्ती को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं, जिसके कारण अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट आई और सोने को समर्थन मिला।
