सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट, जानिए कारण

punjabkesari.in Saturday, Jun 08, 2024 - 12:54 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमरीका (यू.एस.)में आए नौकरियों के बेहतर आंकड़े और चीन में मई महीने में सोने की खरीद 18 महीने के निचले स्तर पर लुढ़कने के कारण यू.एस. के कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं के अलावा बेस मैटल्स भी धराशायी हो गए। सोने की कीमतों में 3 फीसदी की गिरावट देखी गई, जबकि चांदी 7 फीसदी और अन्य बेस मैटल 5 फीसदी तक लुढ़क गए। अमरीका में मैटल्स की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट के बाद भारत में सोमवार को इनकी कीमतें गिरना तय माना जा रहा है। 

उल्लेखनीय है कि चीन के केंद्रीय बैंक ने मई में सोना खरीदना बंद कर दिया, जिसके चलते इंटरनैशनल मार्कीट में सोने के दाम धराशायी हो गए। अक्तूबर 2022 के बाद पहली बार मई में ऐसा मौका है जब चीन के पीपुल्‍स बैंक ऑफ चाइना (PBOC) ने अपने गोल्‍ड र‍िजर्व में क‍िसी तरह का इजाफा नहीं किया।

सोने-चांदी के वैश्विक भाव

कॉमैक्स पर सोने का वैश्विक वायदा भाव 3.34 फीसदी या 79.80 डॉलर की गिरावट के साथ 2,311.10 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं, इसका वैश्विक हाजिर भाव गिरकर 2,293.78 डॉलर व चांदी का वायदा भाव 6.69 फीसदी या 2.09 डॉलर की गिरावट के साथ 29.27 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। वहीं, चांदी का वैश्विक हाजिर भाव 29.15 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था।

MCX पर सोने-चांदी के भाव

एमसीएक्स एक्सचेंज पर कल यानी शुक्रवार की शाम को सोने में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 अगस्त 2024 की डिलीवरी वाला सोना 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 71,341 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है। वहीं 5 दिसंबर 2024 की डिलीवरी वाला सोना गिरावट के साथ 72,040 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर कल यानी शुक्रवार को 5 जुलाई 2024 की डिलीवरी वाली चांदी 201 रुपए की गिरावट के साथ 88,888 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई है। वहीं 5 सितंबर 2024 को डिलीवरी वाली चांदी 91,050 रुपए के स्तर पर बंद हुई है। 5 दिसंबर 2024 को डिलीवरी वाली चांदी कल गिरावट के साथ 93,274 रुपए पर बंद हुई है।

अमरीका में रोजगार वृद्धि

विश्लेषकों ने इस गिरावट का कारण मजबूत अमरीकी रोजगार आंकड़ों को दिया, जो फैडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दरों में कटौती में मंदी का संकेत दे सकते हैं। कम ब्याज दरें आम तौर पर सोने को निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक बनाती हैं। 
अमरीका की कंपनियों ने मई में 2,72,000 नौकरियां दी हैं, जो अप्रैल से ज्यादा हैं। नौकरियों में वृद्धि इस बात का संकेत है कि कंपनियां अब भी अमरीकी अर्थव्यवस्था में इतनी आश्वस्त हैं कि वे लगातार उच्च ब्याज दरों के बावजूद भर्ती जारी रख रही हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News