सोने-चांदी की कीमतों में मामूली बढ़ौतरी

punjabkesari.in Monday, Sep 05, 2016 - 04:58 PM (IST)

नई दिल्लीः विदेशी बाजारों में आई तेजी के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ और 50 रुपए चमककर 31,050 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में चढ़ी और 50 रुपए की बढ़त लेकर 2 सप्ताह से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।  

 

लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 1.35 डॉलर मजबूत होकर 1326 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमरीकी सोना वायदा भी 3.1 डॉलर उछलकर 1329.8 डॉलर प्रति औंस बोला गया। विश्लेषकों के अनुसार पिछले सप्ताह अमरीका में जारी गैर-कृषि क्षेत्र के रोजगार के आंकड़े उम्मीद से कमजोर आने के कारण सितंबर में ब्याज दर बढ़ौतरी की आशंका कमजोर हुई है। इससे कीमती धातुओं को समर्थन मिला है। 

 

विश्लेषकों ने आने वाले समय में भी तेजी बरकरार रहने की उम्मीद जताते हुए कहा है कि सोना 1350 डॉलर प्रति औंस के पार भी जा सकता है। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.16 डॉलर फिसलकर 19.35 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।  

 

कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक तेजी से दोनों कीमती धातुओं के भाव बढ़े हैं। आने वाले समय में भी दोनों कीमती धातुओं के दाम वैश्विक रूख तथा स्थानीय मांग पर निर्भर करेंगे। दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहेः 
 

सोना स्टैंडर्ड (प्रति 10 ग्राम) 31,050
सोना बिटुर (प्रति 10 ग्राम 30,900
चांदी हाजिर (प्रति किलोग्राम) 45,950
चांदी वायदा (प्रति किलोग्राम) 45,480
सिक्का लिवाली (प्रति सैकड़ा) 76,000
सिक्का बिकवाली (प्रति सैकड़ा) 77,000
गिन्नी (प्रति 8 ग्राम) 24,300

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News